☰
×

Weather Update: उत्तर भारत में घना कोहरा, दक्षिण के राज्यों में बारिश का अलर्ट; बंगाल की खाड़ी में नए सिस्टम के संकेत

 

देश के कई हिस्सों में सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में घने कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। कोहरे के कारण सुबह के समय विजिबिलिटी कम रहने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ने के साथ इसका असर मैदानी राज्यों में भी दिखाई दे रहा है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में रविवार को भी कई स्थानों पर घना कोहरा देखा गया।

वहीं, दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में मौसम का मिजाज अलग रहने वाला है। मौसम विभाग ने आज तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और पुडुचेरी में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

इसी बीच बंगाल की खाड़ी में एक और मौसमी सिस्टम बनने के संकेत मिल रहे हैं। हाल के दिनों में खाड़ी में अर्नव, मुरासु और अकवान जैसे सिस्टम सक्रिय रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों की नजर अब नए सिस्टम की गतिविधियों पर बनी हुई है। यदि यह सिस्टम आगे चलकर चक्रवाती तूफान का रूप लेता है, तो करीब 35 से 40 दिनों के भीतर बंगाल की खाड़ी से जुड़ा यह चौथा तूफान हो सकता है।

फिलहाल मौसम विभाग की नजर उत्तर भारत में कोहरे और पहाड़ी राज्यों में गिरते तापमान के साथ बंगाल की खाड़ी में बन रहे संभावित सिस्टम पर है। लोगों को सुबह के समय वाहन चलाते हुए विशेष सावधानी बरतने और मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।