डब्ल्यूसीसीबी भर्ती 2026: स्टेनोग्राफर सहित कई पदों पर नौकरी का मौका, 31 अक्टूबर तक करें आवेदन
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। नौकरी की बेहतर तलाश में जुटे लोगों के लिए एक अच्छा मौका सामने आया है। भारत सरकार के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अंतर्गत आने वाला वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (डब्ल्यूसीसीबी) ने अपने मुख्यालय और क्षेत्रीय कार्यालयों में डेपुटेशन (प्रतिनियुक्ति) के आधार पर विभिन्न 12 पदों को भरने के लिए उम्मीदवारों से आवेदन एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आमंत्रित किए हैं।
वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (डब्ल्यूसीसीबी) की ओर से जारी 12 रिक्तियों में असिस्टेंट डायरेक्टर/उप-पुलिस अधीक्षक/सहायक वन संरक्षक के 2, पब्लिक प्रॉसिक्यूटर का 1, इंस्पेक्टर/रेंजर्स/कस्टम्स सुपरिटेंडेंट का 1, स्टेनोग्राफर ग्रेड-I/पर्सनल असिस्टेंट के 3, स्टेनोग्राफर ग्रेड-III के 2, हेड कांस्टेबल का 1 और ड्राइवर के 2 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन (ईमेल) और पोस्ट के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी करने की सलाह दी जाती है।
चयनित उम्मीदवारों की नौकरी का स्थान पद के आधार पर नई दिल्ली, मोरेह (मणिपुर), कोलकाता (पश्चिम बंगाल), मुंबई (महाराष्ट्र) और चेन्नई होगा। वहीं, चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 9,300 से 81,100 रुपए प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को 4,200 से 5,400 रुपए के बीच ग्रेड-पे और अन्य लाभ व भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन 31 अक्टूबर तक डाक द्वारा 'असिस्टेंट डायरेक्टर (एडमिन), वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो, दूसरी मंजिल, त्रिकूट-1, भीकाजी कामा प्लेस, नई दिल्ली-110066' के पते पर और ईमेल द्वारा भेजे जा सकते हैं। वहीं, कैंडिडेट्स को भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया, आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए डब्ल्यूसीसीबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/पीएम