वायनड हादसे को लेकर भाजपा का कांग्रेस पर तंज, गुरु प्रकाश बोले- आपदा के समय जनता के बीच रहना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी
पटना, 14 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने कई अहम राष्ट्रीय और राजनीतिक मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखा। उन्होंने सोशल मीडिया पर बाल यौन शोषण सामग्री (सीएसएएम) को लेकर केंद्र सरकार के नए निर्देश, वक्फ बोर्ड से जुड़े आरोप, वायनाड भूस्खलन, तृणमूल कांग्रेस के अंदरूनी विवाद और बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव समेत कई विषयों पर प्रतिक्रिया दी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को बाल यौन शोषण सामग्री (सीएसएएम) से जुड़े कंटेंट को तुरंत हटाने, उसकी रिपोर्ट करने और जांच एजेंसियों के साथ सहयोग करने के केंद्र सरकार के निर्देशों पर गुरु प्रकाश ने कहा कि यह एक बेहद संवेदनशील मुद्दा है। सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि इंटरनेट पर ऐसा कोई भी आपत्तिजनक कंटेंट उपलब्ध न रहे, जो समाज और भारतीय संस्कृति के मूल्यों के खिलाफ हो।
वक्फ बोर्ड से जुड़े मामलों पर उन्होंने कहा कि यदि किसी भी तरह की अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी तथ्य सामने आने चाहिए ताकि 'दूध का दूध और पानी का पानी' हो सके।
वायनाड भूस्खलन के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी के मौके पर नहीं पहुंचने के सवाल पर गुरु प्रकाश ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह दावा कर रही है कि राहत कार्य जारी हैं, लेकिन नेताओं की मौजूदगी भी उतनी ही जरूरी होती है। आपदा के समय जनता के बीच रहकर उनका हौसला बढ़ाना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी होती है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष के कई नेता ऐसे समय में जनता से दूर दिखाई देते हैं। भाजपा प्रवक्ता ने तेजस्वी यादव का भी जिक्र करते हुए कहा कि जब बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव होने वाला है, तब वह विदेश में हैं।
तृणमूल कांग्रेस से जुड़े विवाद और पार्टी की मान्यता के सवाल पर गुरु प्रकाश ने कहा कि इस संबंध में फैसला लेना चुनाव आयोग और लोकसभा अध्यक्ष के अधिकार क्षेत्र का विषय है। हालांकि उन्होंने दावा किया कि टीएमसी के भीतर नेताओं के लगातार बाहर जाने से यह साफ होता है कि पार्टी में आंतरिक असंतोष बढ़ रहा है। ममता बनर्जी का नेतृत्व अब पहले जैसा स्वीकार्य नहीं रह गया है।
विदेश नीति से जुड़े सवाल पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भारत सरकार और विदेश मंत्रालय अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति हमेशा शांति, स्थिरता और संवाद पर आधारित रही है और सरकार उसी दिशा में काम कर रही है।
बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव पर गुरु प्रकाश ने भाजपा की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता नीरज कुमार सिन्हा को रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाएगी।
वहीं, उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा को लेकर कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर भाजपा प्रवक्ता ने कहा, "यूपी का पिछला विधानसभा हमें स्मरण में आ रहा है। उस समय कैसे-कैसे शब्दों का उपयोग किया गया था। 'चिरकुट पार्टी', 'छोटी पार्टी', 'हल्की पार्टी' जैसे शब्द प्रयोग किए गए थे। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पार्टी के संस्कार ही ऐसे हैं। जिनके लिए राजनीति सत्ता का माध्यम हो, सेवा का माध्यम नहीं वहां ऐसा होना स्वाभाविक है।"
--आईएएनएस
वीकेयू/एएस