☰
×

वाशिम में खेत में गांजे की खेती का पर्दाफाश, 15 किलो से अधिक गांजा जब्त; आरोपी हिरासत में

 

वाशिम, 3 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के वाशिम जिले में खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती किए जाने का मामला सामने आया है। मानोरा तहसील के रतनवाड़ी गांव में पुलिस ने एक खेत पर छापेमारी कर 15 किलो 225 ग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में 70 वर्षीय आरोपी किसान नारायण किसन व्यवहारे को हिरासत में लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रतनवाड़ी गांव में एक खेत में गांजे की खेती किए जाने की गुप्त सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद उपविभागीय पुलिस अधिकारी मनीष ठाकरे, थाना प्रभारी नैना पोहेकर और तहसीलदार राजेंद्र पाटील के नेतृत्व में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई।

संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर संबंधित खेत पर छापा मारा। इस दौरान खेत में गांजे की खेती किए जाने का मामला उजागर हुआ। पुलिस ने मौके से कुल 15 किलो 225 ग्राम गांजा बरामद कर जब्त कर लिया। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 2 लाख 26 हजार 500 रुपये बताई जा रही है।

इस मामले में पुलिस ने खेत से जुड़े 70 वर्षीय किसान नारायण किसन व्यवहारे को हिरासत में लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि खेत में गांजे की खेती कब से की जा रही थी और इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति या गिरोह की भूमिका तो नहीं है।

घटना के बाद मानोरा पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गांजे की खेती का उद्देश्य क्या था और जब्त किए गए मादक पदार्थ को कहीं बेचने की योजना तो नहीं थी। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमें मुखबीर से सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम का गठन कर कार्रवाई की गई, अब पता लगाया जा रहा है कि इस खेती में कितने लोग शामिल है। 70 वर्षीय किसान नारायण किसन व्यवहारे के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम