बेला एस्टेट में वोटर लिस्ट विवाद: राहुल गांधी ने SDM को किया फोन, फुटेज में देंखे 727 लोगों के नाम कटने का दावा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को दिल्ली के यमुना किनारे स्थित बेला एस्टेट की झुग्गी बस्ती पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे को उठाया। राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस दौरे का वीडियो भी साझा किया।वीडियो में राहुल गांधी ने दावा किया कि बेला एस्टेट में रहने वाले 728 लोगों में से स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के बाद मतदाता सूची में सिर्फ एक नाम बचा है, जबकि 727 लोगों के नाम हटा दिए गए हैं।
दशकों से रहने का किया दावा
राहुल गांधी ने कहा कि यहां रहने वाले लोग लंबे समय से इस इलाके में रह रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इन लोगों ने 2024 के लोकसभा चुनाव और 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतदान किया थाउन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2023 में यहां कई लोगों के घर हटाए गए थे, लेकिन इसके बाद भी लोग इसी स्थान पर रह रहे हैं। राहुल गांधी ने स्थानीय लोगों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और मतदाता सूची में नाम हटाए जाने को लेकर अधिकारियों से बात की।
SDM को किया फोन
राहुल गांधी ने बस्ती में मौजूद लोगों के बीच से ही एसडीएम को फोन किया। बातचीत के दौरान उन्होंने मतदाता अधिकार और आवास की स्थिति को लेकर सवाल उठाए।राहुल गांधी ने कहा कि किसी व्यक्ति के पास मकान है या नहीं, इसका उसके वोट देने के अधिकार से संबंध नहीं होना चाहिए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के एक कथित बयान का भी जिक्र किया, जिसमें "हाउस नंबर 0" का प्रावधान बेघरों के लिए होने की बात कही गई थी।
वोटर लिस्ट संशोधन को लेकर उठे सवाल
राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि अगर बेघर या बिना स्थायी मकान वाले लोगों के लिए व्यवस्था मौजूद है, तो फिर बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से क्यों हटाए गए।हालांकि, मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया चुनाव आयोग और संबंधित निर्वाचन अधिकारियों के नियमों के तहत होती है। किसी नाम को हटाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया और सत्यापन किया जाता है।
चुनावी प्रक्रिया को लेकर चर्चा
मतदाता सूची में संशोधन और SIR प्रक्रिया को लेकर देश के कई हिस्सों में राजनीतिक दलों और संगठनों की ओर से सवाल उठाए जाते रहे हैं। वहीं चुनाव आयोग मतदाता सूची को अपडेट करने और सही रिकॉर्ड बनाए रखने के लिए ऐसी प्रक्रियाओं को आवश्यक बताता रहा है।बेला एस्टेट मामले में राहुल गांधी के दौरे के बाद मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है। अब संबंधित अधिकारियों की ओर से इस मामले में क्या जानकारी दी जाती है, इस पर नजर रहेगी।