वोट चोरी के बाद चढ़ावा चोरी भी करने लगी है भाजपा : भूपेश बघेल
रायपुर, 13 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने अयोध्या के श्री राम मंदिर चंदा चोरी विवाद को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा वोट चोरी करने के बाद अब चढ़ावा चोरी भी करने लगी है।
भूपेश बघेल ने कहा कि सिर्फ अयोध्या ही नहीं बल्कि बद्रीनाथ में भी चोरी हो रही है। मथुरा भी नहीं बचा है। काशी में सैकड़ों साल पुराने मंदिर तोड़ दिए गए। गुजरात के लोगों ने कब्जा कर लिया है। इसीलिए अयोध्या में भाजपा की हार हुई और वाराणसी में भी जीत का अंतर मामूली रहा। अब मथुरा की बारी है, वहां भी निपट जाएंगे।
राम मंदिर चढ़ावे के विवाद पर भूपेश बघेल ने कहा कि हमने जो चंदा दिया था, उसका इस्तेमाल जमीन खरीदने और मंदिर के निर्माण के लिए किया जाना था। अब आरोप लग रहे हैं कि 2 करोड़ रुपए की जमीन मात्र 10 मिनट में 18 करोड़ रुपए में बेच दी गई। यह पैसा छत्तीसगढ़ की जनता का भी था। देशभर और दुनियाभर के लोगों से चंदा इकट्ठा किया गया था। हमने भी निर्माण के लिए चंदा दिया था लेकिन अब चढ़ावे के पैसे के गलत इस्तेमाल के आरोप लग रहे हैं। मैंने व्यक्तिगत रूप से 12 फरवरी 2021 को 1.21 लाख रुपए का चंदा दिया था। वे जांच कर सकते हैं कि मैंने चंदा दिया था या नहीं।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को गिरफ्तार करने से सच सामने नहीं आएगा क्योंकि बड़े-बड़े लोग खुले घूम रहे हैं। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि यह ट्रस्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनाया था। यहां जो भी उद्घाटन हुए, वे पीएम मोदी ने किए। फिर वे अब चुप क्यों हैं
भूपेश बघेल ने आगे कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए सभी ने दान दिया था। जब राम मंदिर बना, तो विधानसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया था। अगर राम मंदिर के निर्माण पर विधानसभा में चर्चा हो सकती है, तो दान के गलत इस्तेमाल, निर्माण कार्य में कथित कमीशन या जमीन की खरीद-बिक्री के आरोपों पर चर्चा क्यों नहीं होनी चाहिए। यह हम सभी के दिए गए पैसे का मामला है।
उन्होंने कहा कि हमारे विपक्ष के नेता डॉ. चरण दास महंत ने अयोध्या राम तीर्थ क्षेत्र के लिए दिए गए दान और चढ़ावे की चोरी के मामले में स्थगन प्रस्ताव पेश किया। आपको 'रामशिला पूजा' के कार्यक्रम याद होंगे, भाजपा और संघ के सदस्यों ने देश भर के गांवों का दौरा किया और करोड़ों रुपए इकट्ठा किए। आज तक उस पैसे का कोई हिसाब-किताब नहीं दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जब राम मंदिर का निर्माण शुरू हुआ, तो लोगों ने फिर से दान दिया। छत्तीसगढ़ के लाखों लोगों ने करोड़ों का दान दिया। हालांकि, निर्माण कार्य को लेकर शिकायतें सामने आई हैं, खासकर यह आरोप कि 40 प्रतिशत कमीशन लिया गया। सदन में मुझसे पूछा गया कि क्या मैंने, यानी भूपेश बघेल ने भी दान दिया था। मैंने जवाब दिया, हां, मैंने दिया था और वह राशि 1,21,000 रुपए थी। मेरी तरह ही लाखों लोगों ने निर्माण कार्य में योगदान दिया। इसीलिए हम सदन में इस पर चर्चा की मांग कर रहे हैं।
भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा, संघ और विश्व हिंदू परिषद भगवान राम को भी नहीं बख्श रहे हैं। वे एक तरफ वोटों की चोरी कर रहे हैं और दूसरी तरफ धार्मिक चढ़ावे की चोरी। भारतीय जनता पार्टी और उसके लोग ऐसा कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता डॉ. चरण दास महंत ने कहा कि हम अयोध्या राम मंदिर के खजाने की कथित लूट और घोटालों के समाचारों से आहत हैं। हर घर से इकट्ठा की गई करोड़ों की दान राशि, सोना, चांदी, और आभूषण गायब हो गए हैं। ये आरोप सीधे चंपत राय पर लग रहे हैं, लेकिन सरकार छोटे कर्मचारियों को पकड़ कर मुख्य अपराधियों को बचा रही है। आस्था के नाम पर खिलवाड़ और लूट बंद होना चाहिए।
--आईएएनएस
डीकेएम/पीएम