विश्व फोटोग्राफी दिवस पर नेताओं ने फोटोग्राफर्स को दी शुभकामनाएं, कहा- तस्वीरें समाज का आईना
नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। 19 अगस्त को दुनिया में 'विश्व फोटोग्राफी दिवस' मनाया जा रहा है। यह दिन उस कला का जश्न है जो बीतते पलों को हमेशा के लिए थाम लेती है और उन्हें यादों में बदल देती है। नेताओं ने भी इस अवसर पर फोटोग्राफर्स को शुभकामनाएं दीं और फोटोग्राफी के महत्व पर जोर दिया।
लोकसभा सांसद पुरुषोत्तम रूपाला ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर कहा, "विश्व फ़ोटोग्राफ़ी दिवस पर, आइए फ़ोटोग्राफ़ी की उस शक्ति का जश्न मनाएँ जो जीवन की सुंदरता को कैद करती है, प्यारी यादों को संजोती है और ऐसी कहानियाँ सुनाती है जो पीढ़ियों को प्रेरित करती हैं। हर फ़्रेम में एक कहानी, एक भावना और याद रखने लायक एक पल छिपा होता है।"
राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "विश्व फोटोग्राफी दिवस पर उन सभी छायाकारों को हार्दिक शुभकामनाएं, जो अपनी कला और दृष्टि के माध्यम से समाज, संस्कृति, प्रकृति और जीवन के अनमोल क्षणों को हमेशा के लिए यादों में कैद करते हैं। एक बेहतरीन तस्वीर वह होती है, जिसे देखने के बाद शब्दों की जरूरत नहीं पड़ती वह स्वयं बोलती है, भावनाएं जगाती है और इतिहास को जीवंत कर देती है।"
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पर लिखा, "तस्वीरें समाज का आईना, समय की स्मृति और इतिहास की जीवंत गवाह होती हैं। इतिहास के अनमोल क्षणों, समाज के सजीव रंगों और प्रकृति के अनुपम सौंदर्य को अपने कैमरे में सहेजकर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने वाले सभी छायाकारों को विश्व फोटोग्राफी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं!"
उन्होंने आगे कहा, "फोटोग्राफी केवल एक तकनीक नहीं, बल्कि कला, दृष्टि और संवेदना का अद्भुत संगम है। एक तस्वीर बिना शब्दों के भी पूरी कहानी कह देती है और बीतते हुए क्षणों को स्मृतियों में सदैव के लिए जीवंत बना देती है।"
यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी फोटोग्राफी जगत को बधाई देते हुए कहा, "'विश्व फोटोग्राफी दिवस' के विशेष अवसर पर फोटोग्राफी जगत से जुड़े सभी फोटोग्राफर्स और फोटोग्राफी के प्रेमियों को हार्दिक शुभकामनाएं।"
वहीं, ओडिशा के डिप्टी सीएम कनक वर्धन सिंह देव ने कहा, "एक तस्वीर सिर्फ किसी पल को कैद नहीं करती, बल्कि उसमें छिपी भावनाओं, नजरिए और कहानी को भी संजोकर रखती है। 'विश्व फोटोग्राफी दिवस' पर आइए उन फोटोग्राफर्स का सम्मान करें जिनकी सोच और नजरिए से गुजरते हुए पल हमेशा के लिए यादगार बन जाते हैं और हमें दुनिया को देखने का एक नया नजरिया मिलता है। उस कला का जश्न मनाना जो उन चीजों को कैद करती है जिन्हें शब्द हमेशा बयां नहीं कर पाते।"
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस