विश्व एआई सहयोग संगठन की स्थापना के समझौते पर हस्ताक्षर समारोह आयोजित
बीजिंग, 17 जुलाई (आईएएनएस)। विश्व कृत्रिम बुद्धिमत्ता सहयोग संगठन की स्थापना के समझौते पर हस्ताक्षर समारोह 16 जुलाई को चीन के शांगहाई में आयोजित हुआ। चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने चीन सरकार की ओर से समझौते पर हस्ताक्षर किए।
समझौते में स्पष्ट किया गया है कि विश्व कृत्रिम बुद्धिमत्ता सहयोग संगठन एक स्वतंत्र अंतर सरकारी अंतर्राष्ट्रीय संगठन है। संगठन संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उद्देश्य का पालन करता है, संयुक्त परामर्श, संयुक्त निर्माण व साझा लाभ के सिद्धांत को बनाए रखता है और मानव को प्राथमिकता देने के सिद्धांत का पालन करता है।
इसका उद्देश्य एआई में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और वैश्विक शासन बढ़ाने के साथ एआई का फायदेमंद, सुरक्षित और निष्पक्ष दिशा में स्वस्थ विकास सुनिश्चित करना है, ताकि मानवजाति को लाभ पहुंच सके। संगठन का मुख्यालय चीन के शांगहाई में स्थित है।
बताया जाता है कि कजाखस्तान के उप प्रधानमंत्री और एआई व डिजिटल विकास मंत्री झासलान मादियेव, लाओस के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री थोंगसावन फोमविहान, पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मुहम्मद इशाक डार, रूसी राष्ट्रपति कार्यालय के उप प्रमुख मैक्सिम ओरेश्किन और इंडोनेशिया के आर्थिक मामला समन्वय मंत्री एयरलांग्गा हार्टार्टो समेत 29 देशों के प्रतिनिधियों ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। उक्त देश संस्थापक सदस्य देश बने।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस समेत अंतर्राष्ट्रीय संगठनों और देशों के प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर समारोह में भाग लिया।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/