×

विराट कोहली को अब अपने हाथों पर नियंत्रण नहीं करना पड़ता: रविचंद्रन अश्विन

 

बेंगलुरु, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। टेस्ट और अंतरराष्ट्रीय टी20 से संन्यास ले चुके विराट कोहली आईपीएल 2026 में आरसीबी के लिए खेलते हुए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ सीजन के उद्घाटन मैच में तूफानी अर्धशतक लगाने वाले विराट ने रविवार को सीएसके के खिलाफ 18 गेंदों पर 28 रन की पारी खेली। पूर्व क्रिकेटरों रविचंद्रन अश्विन और इरफान पठान ने विराट की बल्लेबाजी शैली में आए बदलाव पर बात की है।

जियोस्टार विशेषज्ञ रविचंद्रन अश्विन ने 'चैंपियंस वाली कमेंट्री' में पिछले दो सालों में विराट कोहली की तकनीक में आए बदलाव पर कहा, "विराट 2024 में भी टेस्ट क्रिकेट खेल रहे थे। वे बहुत शांत थे, बल्ला ज्यादा नहीं हिलता था। लेकिन अब, यहां 2026 में, बल्ला शुरू में नीचे रहता है और बाद में वे उसे ऊपर लाते हैं, जिसे हम पोटेंशियल एनर्जी कहते हैं, या बल्ले का लगातार हिलना, और वे अच्छी पोजिशन में आ रहे हैं। 2024 में, उनका सिर इतना शांत था कि उनके पैरों का हिलना भी संतुलित था, क्योंकि वे तब भी टेस्ट क्रिकेट खेल रहे थे। 2026 में, क्योंकि वे अब टेस्ट क्रिकेट नहीं खेलते हैं, इसलिए उन्हें अपने हाथों पर उतना नियंत्रण नहीं करना पड़ता।"

इरफान पठान ने कहा कि तकनीक बदलने के बाद विराट कोहली का स्ट्राइक रेट भी बेहतर हुआ है।

पठान ने कहा, "उस बैकलिफ्ट की वजह से, उन्हें वह मोमेंटम, ज्यादा पावर मिल रही है, और इसीलिए स्ट्राइक रेट बढ़ गया है। जब आप गेंदबाज के गेंद करने से पहले, स्थिर खड़े होते हैं, तो आपको वह मोमेंटम नहीं मिलता जो आप बड़े शॉट लगाने के लिए बनाना चाहते हैं, लेकिन जब आप बल्ला नीचे लाते हैं, फिर ऊपर लाते हैं, तो आपके पास पहले से ही वह मोमेंटम होता है।"

आरसीबी और सीएसके के बीच हुए मैच से पहले एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारतीय टीम के दो पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों और कप्तानों के नाम पर स्टैंड का नामकरण हुआ।

अनिल कुंबले इस पर प्रसन्नता जताते हुए कहा, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि चिन्नास्वामी स्टेडियम में मेरे नाम पर एक परमानेंट एंड होगा। यह एक खास एहसास है। मैं 9 साल का था जब मैं पहली बार कर्नाटक और तमिलनाडु के बीच रणजी ट्रॉफी मैच देखने इस स्टेडियम में आया था। मुझे पवेलियन एंड दिया गया है, शायद इसलिए क्योंकि यह पवेलियन के पास है और आपको वहां से गेंदबाजी करने के लिए रन-अप की जरूरत नहीं है। जब मैं खेलता था, तो मैंने दोनों एंड से बहुत गेंदबाजी की।"

--आईएएनएस

पीएके