☰
×

विपक्ष पर बरसे हरियाणा के शिक्षा मंत्री, बोले-पांच हजार वोट नहीं मिलते और देखते हैं सरकार बनाने के सपने

 

हांसी, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। हरियाणा की शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और छात्र-केंद्रित बनाने की कवायद के बीच शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने सरकार के विजन को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का ड्रीम प्रोजेक्ट बताया। इसी बहाने उन्होंने बिना नाम लिए विपक्षी खेमे पर तीखा सियासी हमला भी बोला और हाल ही में मंच से लगाए गए गंभीर आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा, "हरियाणा में पहली बार शैक्षणिक कैलेंडर जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है, जो देश के किसी भी अन्य राज्य में नहीं है। हम धीरे-धीरे ऐसे कदम उठा रहे हैं, ताकि शैक्षणिक कैलेंडर जारी किया जा सके। इससे आने वाले दिनों में बच्चों को यह स्पष्ट रहेगा कि उन्हें कितनी तैयारी करनी है और किस समय तक करनी है, ताकि उनकी उम्र न निकले। इसमें कई ऐसी बातें हैं, जो बच्चों को पहले से ही स्पष्ट होनी चाहिए। सरकार इसी दिशा में आगे बढ़ रही है।"

उन्होंने आगे कहा कि मैं इस समय खड़े-खड़े यह नहीं कह सकता कि हम इसे कब तक पूरा कर देंगे, लेकिन हमने इस दिशा में कदम बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का यह बड़ा सपना है कि यदि शैक्षणिक कैलेंडर भी जारी हो जाए तो यह बहुत अच्छा रहेगा।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि एक व्यक्ति मंच पर खड़ा होकर कहता है कि देखो, फलां व्यक्ति को ऊपर से बुला लिया, ईडी से धमकी दिला दी, वह आया और सरकार बनवा दी। अरे भाई, अगर वोट पलटने की इतनी ही ताकत होती तो वह अपनी सरकार नहीं बना लेते, वह हमारी सरकार क्या बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि पता नहीं किस व्यक्ति को ऐसी अजीबोगरीब बातें बुनने के लिए रखा हुआ है, जो ऐसे भाषण लिखकर देता है कि फलां व्यक्ति को धमकाया, उसे डराया और उसकी सरकार बना दी, नहीं तो हमारी सरकार बन जाती। उन्होंने तंज भरे लहजे में कहा, अरे आपका कोई आदमी पांच हजार से ज्यादा वोट ले नहीं पाता, और आप सरकार बना लेते। अरे बात वो करो जो जायज हो।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि मेरे पास जो भी जानकारी आती गई, मैंने उन सभी चीजों को लेकर कार्रवाई की है। हमने सर्वे कराया था कि कुल कितने पद खाली हैं, उसकी रिपोर्ट हमारे पास आ गई है और इसके लिए हमने एचपीएससी को भी लिख दिया है। एचपीएससी ने भी इस पर प्रक्रिया शुरू कर दी है और इसी प्रक्रिया के तहत लगभग चार-पांच कॉलेजों में मैंने परसों ही प्रमोशन भी दी। अब जैसे-जैसे नीचे से रिपोर्ट आती जाएगी। हम तुरंत इन सभी रिक्त पड़े पदों पर भर्ती प्रक्रिया तुरंत शुरू करेंगे।

--आईएएनएस

केके/वीसी