संसद के विशेष सत्र पर सीएम धामी बोले-'विपक्ष ने सिर्फ हंगामा किया, अब चर्चा को दें प्राथमिकता'
देहरादून, 27 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाने का फैसला किया है। लोकसभा का सत्र 30 नवंबर को और राज्यसभा का सत्र 2 दिसंबर को बुलाया जाएगा। इस फैसले पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि संसद का सत्र अपने आप में बहुत महत्वपूर्ण है और विपक्ष को इसमें रचनात्मक तरीके से सहयोग करना चाहिए।
देहरादून में पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा, "केंद्र सरकार ने संसद का एक विशेष सत्र बुलाया है। संसद का सत्र, जिसमें दोनों सदन काम कर रहे हों, अपने आप में एक बहुत महत्वपूर्ण है। चाहे बात महिलाओं से जुड़े मुद्दों की हो या किसी अन्य महत्वपूर्ण विषय की, विपक्ष को रचनात्मक तरीके से सहयोग करना चाहिए।"
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, "सच तो यह है कि हाल के दिनों में विपक्ष ने केवल हंगामा किया है, शोर-शराबा किया है और अफरा-तफरी का माहौल बनाया है और यह सब उन्होंने अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए किया है। इस बात को पूरे देश ने देखा है।"
दरअसल, केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाने का फैसला किया है। सरकार ने दोनों सदनों के पीठासीन अधिकारियों से इस संबंध में अनुरोध किया है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए इस बारे में जानकारी दी।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने पोस्ट में लिखा, "सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा सभापति से अनुरोध किया है कि वे आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने के लिए लोकसभा को 30 नवंबर को और राज्यसभा का 2 दिसंबर को विशेष सत्र बुलाएं। कामकाज की जरूरतों को देखते हुए दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर को समाप्त हो सकती है।"
माना जा रहा है कि सरकार के पास कुछ जरूरी कामकाज लंबित हैं, जिन्हें जल्द पूरा करना आवश्यक है। इसी वजह से दोनों सदनों को अलग-अलग दिन बुलाने का फैसला लिया गया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को होगी जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी। कामकाज की जरूरतों को देखते हुए दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर तक चल सकती है।
--आईएएनएस
एससीएच/पीएम