विपक्ष के दावों का जवाब देने के लिए भाजपा निकालेगी तीन बड़ी रैलियां : विश्वास सारंग
भोपाल, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर देश के लोकतंत्र और लोकतांत्रिक परंपराओं को बदनाम करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में विपक्षी नेताओं ने जिस तरह संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सवाल उठाए हैं, उससे देश की जनता में भारी आक्रोश है। विपक्ष के इन दावों का जवाब देने और जनता की भावनाओं को सामने लाने के लिए भारतीय जनता पार्टी तीन बड़ी रैलियां निकालने जा रही है।
मंत्री सारंग ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "विगत दिनों जिस प्रकार से कांग्रेस और विपक्ष के नेताओं ने इस देश की लोकतांत्रिक परंपराओं और इस देश के लोकतंत्र को बदनाम करने की कोशिश की है, देश की जनता उसको लेकर बहुत उद्वेलित है।"
सारंग ने कहा, "हिंदुस्तान की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत लोकतंत्र है। दुनिया में सबसे बड़ा और सबसे व्यवस्थित लोकतंत्र यदि कहीं है तो वह हिंदुस्तान में है। कांग्रेस और विपक्ष के नेता, जिन्हें जनता ने सत्ता से बाहर कर घर पर बैठा दिया है, वे अनर्गल बयानबाजी कर और खबरें बनाकर देश की संवैधानिक व्यवस्थाओं और संस्थाओं को बदनाम कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। पूरी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है और अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है, जिसे जनता स्वीकार करती है, लेकिन कांग्रेस नेता झूठा प्रचार कर देश के लोकतंत्र को बदनाम करने में लगे हैं। जनता चाहती है कि देश लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं और अपनी उच्च परंपराओं का पालन करे और पीएम मोदी के नेतृत्व में तेज गति से आगे बढ़ते देश को और मजबूत किया जाए।
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की आने वाली किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' को लेकर उनके उस बयान पर कि जब यह किताब आएगी तो हंगामा होना तय है, क्योंकि दशकों तक दूसरों ने उनकी कहानी सुनाई है और अब उनकी बारी है, मंत्री सारंग ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "यह उनका व्यक्तिगत मामला है, मैं इस वक्त बहुत कुछ नहीं बोलना चाहता, पर कौन से तमाशे की बात कर रही हैं, मुझे समझ नहीं आया। मुझे लगता है कि यह पब्लिशर का पब्लिसिटी स्टंट भी हो सकता है। हालांकि यह बात सही है कि नेहरू परिवार और सोनिया गांधी का जीवन बहुत रहस्यमय रहा है, तो जनता के बीच बातें आनी ही चाहिए, इसमें क्या दिक्कत है।"
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को लेकर की गई विवादित टिप्पणी पर भी विश्वास सारंग ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, "खड़गे ने सभी परंपराओं को तार-तार कर दिया है। किसी स्वर्गीय व्यक्ति के बारे में इस तरह की शब्दावली का इस्तेमाल करना हमारी परंपरा नहीं है।"
सारंग ने आरोप लगाया कि लगातार कांग्रेस, उसके नेता और खासकर नेहरू परिवार न केवल प्रधानमंत्री को नीचा दिखाने की कोशिश करते हैं, बल्कि उनके स्वर्गीय माता-पिता का भी अपमान करते आए हैं। यह देश की परंपरा नहीं है। आप राजनीतिक प्रतिस्पर्धा करिए, लेकिन किसी स्वर्गीय व्यक्ति के बारे में ऐसी शब्दावली का उपयोग मत करिए। इसका खामियाजा कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा, क्योंकि देश की जनता इस तरह की भाषा को बिल्कुल भी स्वीकार नहीं करती।
--आईएएनएस
पीआईएम/एबीएम