×

विकास के आधार पर विकसित महाराष्ट्र के लिए काम करना ही महायुति का एजेंडा : शाइना एनसी

 

मुंबई, 24 अगस्त (आईएएनएस)। शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने महायुति की बैठक, मझगांव और भुलेश्वर की घटनाओं, महिला आरक्षण बिल और बाइक टैक्सी के मुद्दे पर अपनी बात रखी।

मराठी टैक्सी और रिक्शा चालकों के भाषा विवाद पर शाइना एनसी ने आईएएनएस से कहा, "मराठी टैक्सी ड्राइवर और रिक्शा ड्राइवरों को भाषा बोलनी ही चाहिए, क्योंकि यह सर्विस से जुड़ा उद्योग है और इसलिए यात्रियों को उनसे बात करने में आसानी होनी चाहिए।"

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शाइना ने कहा कि अगर कुछ है तो वह कांग्रेस पार्टी है जिसने हर चीज को गुमराह किया है। पी. चिदंबरम बिना किसी ठोस सबूत के बोलते हैं। उन्होंने कहा कि हम कह रहे हैं कि संसद में आइए, संवाद कीजिए और पुराने बिलों पर बहस के जरिए चर्चा कीजिए।

बता दें कि कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने महिला आरक्षण को जनगणना और परिसीमन से जोड़े जाने की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम (संविधान 106वां संशोधन अधिनियम, 2023) के तहत महिलाओं को आरक्षण पहले ही मिल चुका है, और केंद्र सरकार ने इसे 'शरारतपूर्ण' तरीके से जनगणना व परिसीमन से जोड़कर अटकाया है। उन्होंने मांग की कि इस जुड़ाव को खत्म कर 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले इसे लागू किया जाए।

महिला आरक्षण बिल (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) पर उन्होंने कहा, "अगर कांग्रेस नारी शक्ति वंदन का समर्थन नहीं करती है, तो यह बिल्कुल साफ हो जाएगा कि वे महिला विरोधी हैं। हमारी सरकार लगातार कोशिश कर रही है कि एनडीए के सहयोगी और विपक्ष भी यह समझे कि अगर 50 प्रतिशत मतदाता महिलाएं हैं, तो जाहिर तौर पर 33 प्रतिशत आरक्षण को पास करने के लिए वोट होना ही चाहिए।"

महायुति की बैठक को लेकर शाइना एनसी ने कहा कि महायुति का केवल एक ही एजेंडा है और वह है विकास के आधार पर विकसित महाराष्ट्र के लिए काम करना। जाहिर तौर पर नेता मिलेंगे, बातचीत करेंगे और सभी बड़े प्रोजेक्ट्स और जिन्हें पूरा करना है, उन पर चर्चा करेंगे। साथ ही काम किस गति से हो रहा है, इस पर भी चर्चा होगी।

मझगांव की घटना पर उन्होंने कहा कि दोनों ही घटनाएं बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण हैं। एक तरफ भगवान गणेश का आगमन हो रहा है और दूसरी तरफ लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। सरकार इसे बहुत सख्ती से देख और कोई भी उपद्रवी, चाहे वह कोई भी हो या किसी के भी द्वारा प्रायोजित हो, उसे सजा मिलनी ही चाहिए। उन्होंने कहा कि हम हमेशा एकता और विविधता में विश्वास रखते हैं।

बता दें कि मुंबई के मझगांव इलाके में रविवार देर रात 'मझगांव चा मोर्या' गणेश प्रतिमा के आगमन जुलूस के दौरान पास की एक इमारत से जुलूस पर कथित तौर पर अंडे फेंके जाने के बाद दो गुटों के बीच झड़प और भारी तनाव फैल गया। वहीं, मुंबई के भूलेश्वर में 22 फीट ऊंची 'भुलेश्वरचा राजा' गणेश प्रतिमा गिरने से 2 लोगों की मौत और 5 घायल हो गए।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम