चंडीगढ़ : विजिलेंस ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, एएसआई को 80 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा
चंडीगढ़, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो (वीबी) ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत फरीदकोट के सदर पुलिस स्टेशन में तैनात असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) गुरबख्श सिंह को 80,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है।
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी को फरीदकोट जिले के घुगियाना गांव के एक निवासी की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता का आरोप था कि आरोपी एएसआई गुरबख्श सिंह ने शिकायतकर्ता के खिलाफ दर्ज मामले को खत्म करने के बदले पहले ही 40,000 रुपए की रिश्वत ले ली थी। इसके बाद, आरोपी एएसआई ने शिकायतकर्ता के खिलाफ दर्ज मामले को वापस लेने के लिए उससे 80,000 रुपए की और रिश्वत की मांग की।
वहीं, रिश्वत न देने की इच्छा के चलते शिकायतकर्ता ने पंजाब विजिलेंस ब्यूरो रेंज फिरोजपुर से संपर्क किया। उसकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया और आरोपी एएसआई गुरबख्श सिंह को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 80,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ वीबी पुलिस स्टेशन फिरोजपुर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
वहीं, पंजाब सरकार ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया था कि पंजाब विजिलेंस ब्यूरो (वीबी) ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान नॉर्दर्न रेलवे में तैनात सीनियर सेक्शन इंजीनियर पंकज भारद्वाज को 40,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है।
इसके पहले पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने नाभा में माइनिंग डिपार्टमेंट में तैनात सब-डिविजनल ऑफिसर (एसडीओ) हरदीप सिंह को 50,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने कहा है कि राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अगर कोई सरकारी अधिकारी रिश्वत मांगता है तो उस पर निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
ओपी/एबीएम