×

विदिशा में कैंसर मरीजों के इलाज के लिए बनी समन्वय समिति

 

भोपाल, 8 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रयासों से आयोजित कैंसर प्रशिक्षण शिविर के बाद मरीज के उपचार के लिए समन्वय समिति बनाई गई है। यह समिति मरीजों की ग्रेडिंग कर उनके उपचार की व्यवस्था करेगी। विदिशा मेडिकल कॉलेज में 6 और 7 जून को दो दिवसीय निशुल्क कैंसर जांच शिविर आयोजित किया गया था।

शिविर में टाटा मेमोरियल अस्पताल, मुंबई और एम्स भोपाल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कैंसर की जांच की गई, जिसमें 586 कैंसर मरीज व 254 संदिग्ध मरीज शामिल हैं। इन दो दिनों में विदिशा संसदीय क्षेत्र सहित प्रदेश के दूसरे जिलों से बड़ी संख्या में मरीज जांच के लिए पहुंचे। जांच के दौरान कई मरीज कैंसर पॉजीटिव पाए गए, जिसके बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष निर्देश दिए हैं।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कैंसर पॉजीटिव पाए गए किसी भी मरीज को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। सभी मरीजों के उपचार की व्यवस्थित योजना बनाई जाएगी और उन्हें उचित अस्पताल में इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि केवल जांच कराना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है।

उनके निर्देश पर कैंसर मरीजों के इलाज के लिए एक औपचारिक समन्वय समिति गठित की गई है। इस समिति में तोरण सिंह दांगी, डॉ. राजेन्द्र राय और डॉ. एमके सोनी सहित अन्य जिम्मेदार सदस्य शामिल हैं। जिला प्रशासन, विदिशा मेडिकल कॉलेज और टाटा मेमोरियल अस्पताल के सहयोग से यह समिति मरीजों की ग्रेडिंग करेगी और यह तय करेगी कि किस मरीज का इलाज किस अस्पताल में किया जाना है।

उन्होंने कहा कि समिति संबंधित अस्पतालों के साथ समन्वय स्थापित कर उपचार की पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग करेगी। मरीजों की बीमारी की स्थिति के अनुसार उन्हें उपयुक्त संस्थान में भेजा जाएगा और उनके इलाज की निरंतर निगरानी भी की जाएगी।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जितने भी मरीज कैंसर पॉजीटिव पाए गए हैं, उन्हें घबराने की आवश्यकता नहीं है। समिति हर मरीज का परीक्षण और चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार निर्णय लेकर उन्हें खुद सूचित करेगी कि किस अस्पताल में जाकर उपचार कराना है। सभी मरीजों के इलाज के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी और उपचार प्रक्रिया के दौरान आवश्यक समन्वय भी किया जाएगा।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार, चिकित्सकीय संस्थान और प्रशासन मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी मरीज को इलाज के लिए भटकना न पड़े और समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।

--आई़एएनएस

एसएनपी/डीकेपी