☰
×

विधान परिषद चुनाव से पहले सक्रिय हुए नीतीश कुमार, एनडीए प्रत्याशी नीरज के आवास पहुंचकर हाल जाना

 

पटना, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर शुक्रवार को होने वाले मतदान से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को सक्रिय नजर आए। उन्होंने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए के प्रत्याशी और जदयू के वरिष्ठ नेता नीरज कुमार के आवास पर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

नीरज कुमार की हाल ही में तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पटना के जय प्रभा मेदांता सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उपचार के बाद बुधवार को उन्हें छुट्टी मिल गई थी। फिलहाल वह अपने आवास पर आराम कर रहे हैं। गुरुवार को नीतीश कुमार उनके आवास पहुंचे और स्वास्थ्य की जानकारी ली।

जदयू की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने विधान पार्षद ललन सर्राफ के साथ नीरज कुमार के आवास पर पहुंचकर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने नीरज कुमार के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही विधान परिषद चुनाव के लिए उन्हें अपनी शुभकामनाएं भी दीं। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार के लिए मतदान से ठीक पहले नीतीश कुमार की इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है।

हालांकि, इस मुलाकात को लेकर पार्टी की ओर से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और चुनाव के लिए शुभकामनाएं देने की बात कही गई है। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान होना है। ऐसे में चुनाव से एक दिन पहले पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की सक्रियता बढ़ गई है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मुकाबले को लेकर भी राजनीतिक हलचल तेज है। पटना स्नातक क्षेत्र से जन सुराज ने अनुज सिंह को प्रत्याशी बनाया है, जिनके प्रचार में जदयू विधायक अनंत सिंह उतरे हुए हैं।

नीतीश कुमार गुरुवार को पटना स्थित जदयू के कार्यालय भी पहुंचे। वहां उन्होंने मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ उनकी मुलाकात को पार्टी संगठन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विधान परिषद चुनाव से पहले नीतीश कुमार की इन गतिविधियों के जरिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ उनका संवाद सामने आया है। फिलहाल सभी की नजरें शुक्रवार को होने वाले मतदान और उसके बाद आने वाले चुनाव परिणाम पर टिकी हैं।

--आईएएनएस

एमएनपी/पीएम