दिल्ली SIR में VIP वोटर्स का वेरिफिकेशन पूरा, वीडियो में जाने आडवाणी-जायशंकर-केजरीवाल समेत कई नाम फाइनल लिस्ट के लिए सुरक्षित
दिल्ली में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के बीच प्रमुख हस्तियों और VIP वोटर्स को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, नोटिस पाने वाले ज्यादातर प्रमुख मतदाताओं के विवरण का फील्ड वेरिफिकेशन पूरा कर लिया गया है। सत्यापन के बाद इनके नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए सुरक्षित रखे गए हैं। नोटिस पाने वाले प्रमुख लोगों में भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कई नाम शामिल थे। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, सत्यापन के बाद इन प्रमुख मतदाताओं के रिकॉर्ड को अंतिम सूची में शामिल करने के लिए मंजूरी दी गई है।
2002 की SIR सूची से नाम मैच नहीं होने पर मिले नोटिस
अधिकांश प्रमुख मतदाताओं को 'Unmapped with Last SIR' श्रेणी के तहत नोटिस जारी किए गए थे। इसका मतलब था कि मौजूदा मतदाता रिकॉर्ड का 2002 में हुई पिछली SIR की सूची से मिलान नहीं हो पा रहा था।इनमें बड़ी संख्या में ऐसे लोग शामिल हैं, जिनका वोट नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में दर्ज है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि SIR का नोटिस मिलना अपने आप में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का मतलब नहीं है। दस्तावेजों और रिकॉर्ड के सत्यापन के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाता है।
33.13 लाख मतदाताओं को नोटिस
दिल्ली SIR के दौरान करीब 33.13 लाख मतदाताओं को उनके एन्यूमरेशन फॉर्म या रिकॉर्ड में विसंगतियों के चलते नोटिस दिए गए हैं। इनमें से एक बड़ी संख्या ऐसे मतदाताओं की है, जिनका विवरण पिछली 2002 की SIR सूची से लिंक नहीं हो पाया।चुनाव अधिकारियों ने बताया है कि नोटिस जारी करने का उद्देश्य मतदाताओं से जरूरी दस्तावेज और जानकारी लेकर उनके रिकॉर्ड का सत्यापन करना है।
BLO टीमों ने किया फील्ड वेरिफिकेशन
नोटिस जारी होने के बाद बूथ लेवल ऑफिसर यानी BLO की टीमों ने संबंधित मतदाताओं के रिकॉर्ड और दस्तावेजों का सत्यापन किया। प्रमुख हस्तियों के मामलों में भी इसी प्रक्रिया के तहत फील्ड वेरिफिकेशन किया गया।सत्यापन पूरा होने के बाद आडवाणी, धनखड़, जयशंकर, रेखा गुप्ता और केजरीवाल समेत कई प्रमुख मतदाताओं के नाम अंतिम सूची में शामिल करने के लिए सुरक्षित कर दिए गए हैं।
30 सितंबर तक दावे-आपत्तियां, 4 नवंबर को अंतिम सूची
दिल्ली में SIR की ड्राफ्ट मतदाता सूची 31 अगस्त 2026 को प्रकाशित की गई थी। इसके बाद पात्र मतदाताओं को नाम जुड़वाने, सुधार कराने या आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया गया है। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट के मुताबिक, दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 30 सितंबर 2026 तक है।इसके बाद पूरी प्रक्रिया और सत्यापन पूरा होने पर 4 नवंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जानी है। यानी फिलहाल जिन प्रमुख मतदाताओं का वेरिफिकेशन पूरा हो चुका है, उनके नाम अंतिम सूची में शामिल करने के लिए सुरक्षित हैं, लेकिन अंतिम मतदाता सूची का औपचारिक प्रकाशन 4 नवंबर को होगा।चुनाव अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि SIR नोटिस मिलने का अर्थ सीधे तौर पर मतदाता का नाम काटना नहीं है। संबंधित व्यक्ति को अपनी पात्रता और रिकॉर्ड से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाता है। इसके बाद ही मतदाता सूची में नाम को लेकर अंतिम निर्णय किया जाता है।