वीर सावरकर को भारत रत्न देकर इस सम्मान का मान कैसे बढ़ेगा: भाई जगताप
मुंबई, 9 फरवरी (आईएएनएस)। संघ प्रमुख मोहन भागवत के इस बयान पर कि वीर सावरकर को भारत रत्न दिया जाना चाहिए, कांग्रेस नेता भाई जगताप ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि उन्हें भारत रत्न का सम्मान देकर इस सम्मान का मान कैसे बढ़ सकता है।
मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस नेता ने कहा कि सबसे पहले मैं आपको बता दूं कि 140 करोड़ लोगों के देश में भारत रत्न सबसे बड़ा और सबसे प्रतिष्ठित सम्मान है। अब तक जिन्हें भी यह सम्मान मिला है, उन्होंने अपना पूरा जीवन किसी खास मकसद या देश के लिए समर्पित किया है। भारत रत्न से बड़ा कोई अवॉर्ड नहीं है। वे संघ के प्रमुख हैं, देश के प्रमुख नहीं हैं। वीर सावरकर पर जो आरोप लग रहे हैं, अगर उन्हें भारत रत्न देकर सम्मान का मान बढ़ेगा, तो यह कैसे संभव है?
पीएम मोदी की सरकार में कई मंत्री ऐसे हैं जो दागी हैं। यह मैं दावा नहीं कर रहा, बल्कि एक रिपोर्ट ऐसा दावा करती है। अगर किसी को ऐसे में भारत रत्न मिलता है तो इस सम्मान की तोहीन होगी। मुझे इस मुद्दे को हवा नहीं देनी है। सरकार आपकी है, जो फैसला लेना है आप ले सकते हैं। इसका विश्लेषण तो पूरा देश करेगा।
संघ प्रमुख के कार्यक्रम में सलमान खान भी पहुंचे थे। जब इस पर कांग्रेस नेता की प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स और कला को राजनीति से अलग रखना चाहिए। मैं खुद स्पोर्ट्समैन हूं, मैंने लंबे समय तक क्रिकेट खेला है। रोहित शेट्टी पर फायरिंग हुई, और बॉलीवुड के कलाकारों को धमकियां मिल रही हैं। 90 के दशक में बहुत सारे वाकये होते थे, हमारी सरकार थी, और जितने भी अंडरवर्ल्ड के लोग थे, उनके डर को हमने खत्म कर दिया था। सलमान खान क्यों गए? यह तो उनसे पूछना चाहिए। हमारा कला क्षेत्र हो, और इसमें किसी भी प्रकार से राजनीति नहीं आनी चाहिए।
फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग को लेकर कांग्रेस नेता ने कहा कि पूरी तरह कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। पूरे देश की कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। इस तरह के लोगों को डर नहीं है। शायद उन्हें यकीन है कि अगर भाजपा जॉइन कर लेंगे तो कुछ नहीं बिगड़ेगा। गैंगस्टरों को सरकार का डर होना चाहिए।
संघ प्रमुख के तीन बच्चे वाले बयान पर उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल हास्यास्पद बयान है। क्योंकि पूरे विश्व में हमारा देश जनसंख्या के मामले में पहले नंबर पर है। ऐसे वक्त में इस तरह की सलाह देना क्या ठीक है? और वैसे भी जिन्होंने यह बयान दिया है, वे बेहतर बता सकते हैं। आज महिलाएं असुरक्षित हैं, जैसा पहले कभी नहीं हुआ। यह आंकड़े बताते हैं। फिर भी बच्चों को सलाह दे रहे हैं कि इस उम्र में शादी कर लो। आज के बच्चे बहुत होशियार हैं, उन्हें पता है कि कब किससे शादी करनी है। किसी भी संगठन को यह बताना चाहिए कि अच्छी पढ़ाई कैसे होगी। नौकरी कैसे मिलेगी।
असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के कांग्रेस सांसद गौरव गोगई को लेकर दिए बयान पर कांग्रेस नेता भाई जगताप ने कहा कि आप प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं, सिर्फ बयान क्यों देते हैं, कार्रवाई क्यों नहीं करते? सिर्फ आरोप लगाने से कुछ नहीं होता। राजनीतिक बवंडर तैयार करना ठीक नहीं है।
बीएमसी में रितु तावड़े को मेयर बनने और उनके घुसपैठियों को लेकर दिए बयान पर कांग्रेस नेता ने कहा कि वह हमारी पार्टी में थीं तो ऐसी बात नहीं करती थीं। वह मेयर बनती हैं तो शुभकामनाएं देता हूं। सलाह देना चाहूंगा कि आपकी सरकार चारों तरफ है, घुसपैठियों को निकालने का कानून हमारे यहां भी है। आप बताइए कि बीते 12 साल में कितने घुसपैठिए निकाले गए। इस तरह के बयान देकर लोगों को आकर्षित करना ठीक नहीं है।
ओम बिरला के बयान पर कांग्रेस नेता ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ओम बिरला ने बयान क्यों दिया, वे बेहतर बता सकते हैं कि किससे पीएम को खतरा था। देश का पवित्र मंदिर है संसद, उसके मुखिया हैं। वे विपक्ष के नेता राहुल गांधी को बात नहीं करने देते। यह हकीकत है। जब देश के मुद्दे उठाते हैं तो उन्हें चुप कराया जाता है। चीन के मुद्दे पर भी बात नहीं करने देते।
महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन को लेकर उठ रहे सवालों पर कांग्रेस नेता ने कहा कि कहीं धुआं उठ रहा है तो कुछ न कुछ तो बात होगी। ऐसे सवाल उठ रहे हैं तो सरकार को जवाब देना चाहिए। अजित पवार का जो प्लेन लैंड होना था, उस पर भी सवाल उठ रहे हैं। वह मायने रखता है। इस तरह की दुर्घटना न हो, इस पर काम करना चाहिए। 18 साल पुराना प्लेन था, यह बात भी सामने आ रही है। प्लेन में कोई गड़बड़ी थी तो सामने आना चाहिए।
भारत-पाक मैच को लेकर कांग्रेस नेता ने कहा कि खेल हो या कला क्षेत्र, या फिर हमारा संगीत क्षेत्र हो-इसे राजनीतिक चश्मे से नहीं देखना चाहिए। भारत का क्रिकेट में दबदबा है। अंडर-19 टीम ने विश्व कप जीता है। जो विश्व कप होते हैं, उन्हें राजनीतिक चश्मे से नहीं देखना चाहिए। विश्व कप में भारत से पाकिस्तान हमेशा हारा है।
--आईएएनएस
डीकेएम/एमएस