वीर सावरकर की जयंती पर सीएम योगी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, कहा- उनका साहस प्रेरणा स्रोत
नई दिल्ली, 28 मई (आईएएनएस)। महान क्रांतिकारी, स्वतंत्रता सेनानी और राष्ट्रवादी विचारक स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर की जयंती पर कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि ली। अंग्रेजों द्वारा कालापानी की कठोर यातनाएं झेलने वाले सावरकर के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और त्याग को याद करते हुए नेताओं ने उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लिखा, "मां भारती के अमर सपूत 'स्वातंत्र्यवीर' विनायक दामोदर सावरकर की जयंती पर उन्हें मेरा सादर नमन। अंग्रेजों द्वारा कालापानी की कठोर यातनाएं झेलने के बावजूद वीर सावरकर जी का स्वतंत्र भारत का संकल्प कभी डगमगाया नहीं। उनका अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति, त्याग और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है।"
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा, "राष्ट्र की स्वतंत्रता हेतु कठोरतम अमानवीय यातनाएं सहकर अपना जीवन मातृभूमि के चरणों में अर्पित करने वाले मां भारती के अमर सपूत, महान स्वतंत्रता सेनानी 'स्वातंत्र्यवीर' विनायक दामोदर सावरकर की जयंती पर सादर नमन। उनकी क्रांतिकारी चेतना और संघर्षपूर्ण जीवन हमें सदैव राष्ट्रहित में समर्पण, साहस और अटूट संकल्प का अमूल्य संदेश देता रहेगा।"
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा, "मां भारती के अमर सपूत, प्रखर राष्ट्रवादी विचारक एवं महान क्रांतिकारी 'स्वातंत्र्यवीर' विनायक दामोदर सावरकर की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। वीर सावरकर ने स्वतंत्रता के साथ-साथ सांस्कृतिक स्वाभिमान और राष्ट्रीय चेतना के जागरण हेतु आजीवन संघर्ष किया। उनकी क्रांतिकारी विचारधारा, ओजस्वी लेखनी और अदम्य साहस ने स्वतंत्रता आंदोलन को वैचारिक ऊर्जा प्रदान की।"
उन्होंने आगे लिखा, "भारत से इंग्लैंड तक स्वतंत्रता, स्वाभिमान और राष्ट्रधर्म के लिए किया गया उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके त्याग, तप और क्रांतिकारी चिंतन ने युवाओं में राष्ट्रभक्ति और आत्मबल का संचार किया। राष्ट्रहित और सामाजिक सुधार के प्रति उनका समर्पित जीवन सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।"
यूपी सरकार में मंत्री एके शर्मा ने लिखा, "स्वातंत्र्यवीर, महान क्रान्तिकारी, चिन्तक, लेखक, कवि, ओजस्वी वक्ता तथा दूरदर्शी राजनेता विनायक दामोदर सावरकर को उनकी जयंती पर शत्-शत् नमन।"
केंद्रीय मंत्री नीतिन गडकरी ने लिखा, "महान क्रांतिकारी, लेखक, समाज सुधारक और स्वतंत्रता सेनानी, जिन्होंने सशस्त्र क्रांति का पुरजोर समर्थन किया, विनायक दामोदर सावरकर की इस जयंती पर, हम उन्हें कोटि-कोटि नमन करते हैं।"
भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने लिखा, "मां भारती की सेवा में अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित करने वाले अभिजात राष्ट्रभक्त एवं महान स्वतंत्रता सेनानी स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर जी की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन। मातृभूमि के लिए 'वीर सावरकर' का त्याग और बलिदान करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणास्रोत है।"
--आईएएनएस
पीएसके