वेदांता हाफ मैराथन: माताता ने तोड़ा कोर्स रिकॉर्ड, एलेमू ने जीता महिलाओं का खिताब
नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। रविवार को वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2026 में केन्या के चार्ल्स माताता ने पुरुषों की एलीट रेस में कोर्स रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने 58:52 का समय निकाला, जो पिछले रिकॉर्ड से एक सेकंड कम था। महिलाओं की एलीट कैटेगरी में इथियोपिया की वुदिनेश एलेमू ने 1:06:35 के समय के साथ खिताब अपने नाम किया। 'वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल' इवेंट के लिए राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों पर लगभग 40,000 धावक उतरे।
माताता का यह प्रदर्शन उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ (पर्सनल बेस्ट) भी रहा, जो पुरुषों की रेस में उनके दबदबे को दिखाता है। केन्या के ही सैमवेल न्यामाई माइलू और स्टेनली वैथाका म्बुरु क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे, जिससे पोडियम पर पूरी तरह से केन्याई धावकों का कब्जा रहा।
महिलाओं की एलीट कैटेगरी में एलेमू ने अपनी ही देश की सेला बुसिनेई को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि केन्या की सिंथिया चेलंगात चेपक्वोनी तीसरे स्थान पर रहीं। भारत के शैलेश कुशवाहा और अंकिता ध्यानी ने वेदांता हाफ मैराथन की 'भारतीय एलीट' श्रेणी में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रमशः पुरुष और महिला वर्ग का खिताब अपने नाम किया। इस प्रतिष्ठित दौड़ को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और वेदांता ग्रुप के सीईओ अरुण मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर वाइस एडमिरल अतुल आनंद भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान इन गणमान्य अतिथियों ने केवल एलीट हाफ मैराथन ही नहीं, बल्कि विभिन्न अन्य श्रेणियों की दौड़ों को भी हरी झंडी दिखाई। इनमें मास पार्टिसिपेशन हाफ मैराथन, पुलिस कप, 'चैंपियंस विद डिसेबिलिटी', सीनियर सिटिजन्स रन, ओपन 10 हजार और 'ग्रेट दिल्ली रन' जैसी जैसी विभिन्न श्रेणियों शामिल रहीं।
बॉक्सिंग की दिग्गज मैरी कॉम, बैडमिंटन पैरालंपिक चैंपियन प्रमोद भगत और टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति ने भी इस इवेंट को अपना समर्थन दिया। इस आयोजन में एलीट एथलीटों और आम धावकों ने एक साथ हिस्सा लिया, जो खेल उत्कृष्टता और भागीदारी का एक शानदार उत्सव बन गया।
रेस के अलावा, 2026 के इस संस्करण में भी 'रन फोर जीरो हंगर' पहल के साथ जुड़ाव जारी रहा। इस साल प्रतिभागियों ने मिलकर 50 लाख भोजन उपलब्ध कराए। इसके साथ ही, पिछले पांच संस्करणों में इस अभियान के तहत कुल 2.7 करोड़ से अधिक भोजन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। यह दिल्ली हाफ मैराथन के साथ वेदांता के जुड़ाव के पांच साल पूरे होने का भी प्रतीक है।
इस अवसर पर वेदांता की नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड की चेयरपर्सन, प्रिया अग्रवाल हेब्बर ने कहा, “40,000 धावकों के सड़कों पर उतरने के साथ दिल्ली हाफ मैराथन ने खेल उत्कृष्टता, व्यक्तिगत दृढ़ संकल्प और सामूहिक प्रयासों की ताकत का जश्न मनाया। बेहतरीन एथलीटों से लेकर पहली बार दौड़ने वालों तक, हर प्रतिभागी ने दिखाया कि खेल हमें अपने और दूसरों के लिए कुछ बेहतर करने की प्रेरणा कैसे दे सकता है।”
देश की सेवा में 61 शानदार वर्षों को पूरा करते हुए बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) ने भी वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2026 में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस भागीदारी ने अनुशासन, शारीरिक फिटनेस, आपसी भाईचारे और स्वस्थ जीवन शैली के प्रति बल (फोर्स) की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाया।
अपनी स्थापना के 61वें वर्ष के जश्न के हिस्से के रूप में बल के 61 पुरुषों और 61 महिलाओं ने इस प्रतिष्ठित खेल आयोजन में भाग लिया। 'बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन' (बीडब्ल्यूडब्ल्यूए) की सदस्यों सहित बीएसएफ के लगभग 130 कर्मियों ने इसमें हिस्सा लिया, जो उनके सामूहिक उत्साह और एकजुटता की भावना को प्रदर्शित करता है।
बीएसएफ के महानिदेशक प्रवीण कुमार ने भी इस हाफ मैराथन में भाग लिया और 02:28:15 के समय में दौड़ पूरी की। उनकी भागीदारी ने इस अवसर के उत्साह को और बढ़ा दिया, साथ ही नियमित शारीरिक गतिविधि और निरंतर आत्म-सुधार के महत्व को भी रेखांकित किया।
बीएसएफ के कर्मी अक्सर चुनौतीपूर्ण और कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं, इसलिए उनके लिए शारीरिक फिटनेस के उच्च स्तर को बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे अपने मिशन को प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए हमेशा तैयार रहें। दिल्ली हाफ मैराथन जैसे खेल आयोजनों में भाग लेने के माध्यम से, बल अपने कर्मियों को व्यायाम को अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने और दीर्घकालिक स्वास्थ्य व कल्याण को प्राथमिकता देने के लिए प्रोत्साहित करता है।
--आईएएनएस
एसएम/पीएम