×

'आशा ताई हमारी प्रेरणा थीं', कुणाल गांजावाला और मधुश्री समेत कई सिंगर्स ने जताया दुख

 

मुंबई, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। हिंदी समेत कई भाषाओं में अपनी आवाज से करोड़ों लोगों के दिलों में बसीं आशा भोसले के निधन से हर कोई दुखी है।

प्लेबैक सिंगर कुणाल गांजावाला, भारतीय गायक मधुश्री और संगीतकार शमीर टंडन ने दुख जाहिर किया है।

कुणाल गांजावाला ने कहा, "आशा भोसले को कार्डियक अरेस्ट के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया था। उस वक्त मैंने भगवान से बहुत प्रार्थना की थी कि मां (आशा जी) जल्दी से जल्दी वापस आ जाएं, क्योंकि वह सिर्फ सिंगर नहीं, बल्कि भारत का रत्न हैं और वह करोड़ों में एक थीं। उनके बारे में कहने के लिए शब्द भी कम पड़ रहे हैं।"

सिंगर ने बताया, "हमने साथ में दो महीने का टूर किया था और हमारे साथ बाकी सिंगर्स भी होते थे। हम हमेशा शो खत्म होने के बाद साथ में खाना खाते थे और मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है। वे पूरे भारतवासियों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेगी।"

कैलाश खेर ने मार्मिक वीडियो के जरिए दुख जाहिर किया है। सिंगर का कहना है कि जैसे आने का जश्न मनाया जाता है, वैसे ही जाने का भी जश्न मनाना चाहिए क्योंकि आशा भोसले ऐसी शख्सियत थी कि जिन्होंने संगीत को अमर किया। उन्हें विदाई भी पूरे जश्न और खुशी के साथ मिलनी चाहिए।

गायिका मधुश्री ने आशा ताई को याद कर कहा, "वे पहली सिंगर थीं, जब रोमांटिक और पॉप गाती थी, तब दोनों समय उनकी आवाज में कोई बदलाव नहीं होता था। आमतौर पर अलग जॉनर के लिए सिंगर अपनी आवाज पर जोर डालते हैं, लेकिन आशा जी के साथ बिल्कुल भी वैसा नहीं है। हमारे संगीत उद्योग के लिए उनका जाना सबसे बड़ा नुकसान है क्योंकि वो हमारी प्रेरणा थीं।"

उन्होंने आगे कहा कि आशा जी हम सभी सिंगर्स के लिए मिसाल हैं क्योंकि उनके अंदर वो ऊर्जा थी, जो हर गाने में जान डाल देती थी।

संगीतकार शमीर टंडन का कहना है कि आशा जी के लिए उम्र मायने नहीं रखती थी। वे इस उम्र में लगातार गा रही थी, काम कर रही थी। इस उम्र में आकर लोगों को कई शारीरिक परेशानियां घेर लेती हैं, लेकिन आशा जी के साथ ऐसा नहीं था। उन्होंने आलिया भट्ट के लिए गाना गाना था, क्योंकि उन्हें लगता था कि आलिया के चेहरे पर उनकी आवाज फिट बैठेगी। आशा जी हमेशा कहती थीं कि जब भी उनकी मृत्यु हो, उनके लिए रोना मत, बल्कि मुस्कुराना। वह बहुत उत्साही महिला थीं और 92 साल की उम्र में भी आराम नहीं करना चाहती थीं।

--आईएएनएस

पीएस/एबीएम