☰
×

वायु प्रदूषण पर ग्रेटर नोएडा में 11 हॉटस्पॉट पर बढ़ाई निगरानी, 36 निर्माणकर्ताओं को नोटिस

 

ग्रेटर नोएडा, 26 नवंबर (आईएएनएस)। शहर में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण लगाने और वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। प्रदूषण की रोकथाम के लिए प्राधिकरण की ओर से शहर के 11 प्रमुख हॉटस्पॉट को चिह्नित कर वहां विशेष निगरानी की जा रही है। इन स्थानों पर धूल और अन्य प्रदूषणकारी तत्वों को नियंत्रित करने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने के साथ सफाई अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके अलावा निर्माणाधीन परियोजनाओं में प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए भी सख्ती बढ़ा दी गई है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए चार वरिष्ठ प्रबंधकों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इन अधिकारियों को अलग-अलग निर्धारित क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें अपने क्षेत्रों में प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित गतिविधियों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित उपायों को प्रभावी ढंग से लागू कराने के निर्देश दिए गए हैं।

प्राधिकरण का उद्देश्य केवल प्रदूषण की शिकायतों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि लगातार निगरानी के माध्यम से प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों पर भी अंकुश लगाना है। प्रदूषण नियंत्रण के लिए शहर में संसाधनों की तैनाती भी बढ़ाई गई है। प्राधिकरण की ओर से 107 वाटर टैंकरों, 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों और 32 एंटी स्मॉग गन के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया जा रहा है। नई एंटी स्मॉग गन के जरिए सड़कों के किनारे और पेड़ों पर जमी धूल को हटाने के लिए नियमित पानी का छिड़काव कराया जा रहा है।

वहीं, मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से सड़कों की सफाई कर धूल के दोबारा हवा में उड़ने की आशंका को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। वाटर टैंकरों के माध्यम से भी प्रमुख सड़कों और धूल प्रभावित क्षेत्रों में पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। प्राधिकरण ने ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं सहित अन्य निर्माणाधीन स्थलों पर भी निगरानी बढ़ा दी है। निर्माणकर्ताओं को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके तहत निर्माण सामग्री को ढककर रखने, निर्माण स्थल पर धूल नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम करने, निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट का उचित निस्तारण करने और आवश्यकता के अनुसार नियमित पानी का छिड़काव करने को कहा गया है। निर्माण स्थलों पर नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित निर्माणकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। निर्माण कार्यों में प्रदूषण नियंत्रण के नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ प्राधिकरण ने कार्रवाई करते हुए अब तक 36 निर्माणकर्ताओं को नोटिस जारी किए हैं। इसके साथ ही नियमों और निर्धारित प्रावधानों का उल्लंघन करने पर कुल 48.10 लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि निर्माण स्थलों पर प्रदूषण नियंत्रण के उपाय नहीं अपनाने और निर्धारित दिशा-निर्देशों की अनदेखी करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में भी विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्राधिकरण के उप महाप्रबंधक विजय रावल ने बताया कि प्राधिकरण का लक्ष्य ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में धूल और अन्य प्रदूषणकारी कारकों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को सक्रियता के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने शहरवासियों से भी प्रदूषण नियंत्रण अभियान में सहयोग करने की अपील की। विजय रावल ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण रहित बनाने के लिए नागरिकों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। लोग कूड़ा इधर-उधर फेंकने के बजाय डस्टबिन में डालें, कूड़े को किसी भी स्थान पर न जलाएं और यदि कहीं धूल उड़ती हुई दिखाई दे या प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधि नजर आए तो इसकी सूचना प्राधिकरण को दें।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी