×

वाराणसी पुलिस का बड़ा एक्शन, लूटकांड का चंद घंटों में खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार

 

वाराणसी, 1 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की वाराणसी पुलिस ने चंद घंटों में लूट के मामले का खुलासा कर दिया। इस मामले में सारनाथ पुलिस ने 3 बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और 2,510 रुपए बरामद किए हैं।

यह पूरा मामला बीते रविवार का है, जहां बदमाशों ने एक राहगीर और साथ मौजूद 2 अन्य लोगों से मारपीट कर 99 हजार रुपए जबरदस्ती अपने अकाउंट में ट्रांसफर करा लिए। मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है।

मामले को लेकर एडीसीपी लिपि नागायच ने बताया कि 31 मई को थाना सारनाथ पुलिस को 112 के माध्यम से वादी अजय यादव द्वारा सूचना दी गई कि वह दो अन्य लोगों के साथ में सिंहपुर रिंग रोड, सिंहपुर ओवरब्रिज से गुजर रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 2.30 बजे 3 अज्ञात व्यक्ति एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आते हैं और उन्हें बीच सड़क पर रोक देते हैं। इस दौरान तीनों अपराधी उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट करने के साथ उनके पास मौजूद रुपए छीन लेते हैं। इसके अतिरिक्त वे उनके फोन से फोन पे के माध्यम से 99 हजार रुपए अपने अकाउंट में जबरन ट्रांसफर करवा लेते हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना सारनाथ पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक पुलिस टीम का गठन किया। पुलिस ने पीड़ितों से मिली सूचना और तकनीकी सबूतों की मदद से 12 घंटे के अंदर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में लुटेरों ने अपना अपराध कबूल लिया है। वहीं, पुलिस गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ करने के साथ उनके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई करने में जुटी हैं।

--आईएएनएस

डीके/वीसी