वीएआर विवाद को लेकर फीफा ने दी सफाई, बताया तकनीकी खराबी के कारण नहीं दिखा एनिमेशन ग्राफिक
सांता क्लारा, 14 जून (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में स्विट्जरलैंड और कतर के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान वीएआर (वीडियो असिस्टेंट रेफरी) से जुड़ा विवाद चर्चा का विषय बन गया। इस विवाद को लेकर फीफा ने आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि एक छोटी तकनीकी गड़बड़ी के कारण टीवी प्रसारण में ऑफसाइड से जुड़ा 3डी एनिमेशन नहीं दिखाया जा सका, लेकिन इससे वीएआर की प्रक्रिया या रेफरी के फैसले पर कोई असर नहीं पड़ा।
यह घटना मैच के 14वें मिनट में हुई, जब कतर के गोलकीपर महमूद अबुनाडा ने स्विट्जरलैंड के खिलाड़ी रेमो फ्र्यूलर पर फाउल किया, तो स्विट्जरलैंड को पेनल्टी किक मिली। हालांकि, वीडियो रिप्ले में ऐसा लग रहा था कि फाउल से पहले फ्र्यूलर ऑफसाइड हो सकते हैं, लेकिन वीडियो असिस्टेंट रेफरी (वीएआर) ने प्ले चेक किया और अपने फैसले में पेनल्टी को सही करार दिया।
हालांकि, रिप्ले देखने के बाद कई दर्शकों और विशेषज्ञों को लगा कि फाउल होने से पहले फ्र्यूलर ऑफसाइड स्थिति में हो सकते थे। आमतौर पर ऐसे मामलों में वीएआर जांच के बाद टीवी पर सेमी-ऑटोमेटेड ऑफसाइड तकनीक का 3डी एनिमेशन दिखाया जाता है, जिससे दर्शकों को फैसला समझने में आसानी होती है। मगर इस बार वह ग्राफिक स्क्रीन पर दिखाई नहीं दिया।
यही कारण था कि सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे और कई फुटबॉल विशेषज्ञों ने भी फीफा की आलोचना की। इंग्लैंड के पूर्व फुटबॉलर और प्रसिद्ध टीवी विश्लेषक गैरी नेविल ने भी इस मामले पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि विवादित फैसले से जुड़ा दृश्य सार्वजनिक रूप से दिखाया जाना चाहिए था ताकि पारदर्शिता बनी रहे। बढ़ते विवाद के बीच फीफा ने सफाई देते हुए कहा, "14वें मिनट में स्विट्जरलैंड को मिली पेनल्टी से पहले एक छोटी सी तकनीकी खराबी की वजह से ऑनसाइड एनिमेशन ग्राफिक नहीं बन पाया। इस दिक्कत को जल्दी ठीक कर लिया गया। इस दिक्कत से वीएआर के कार्यप्रवाह पर कोई असर नहीं पड़ा और मैदान पर लिए गए फैसले को चेक करने के लिए नॉर्मल तरीके को फॉलो किया गया।"
फीफा मीडिया ने एक पब्लिक रिलीज में कहा, "वीएआर ने संबंधित खिलाड़ियों की पोजिशन चेक करने के लिए जिन लाइनों का इस्तेमाल किया, उनमें पेनल्टी के फैसले से ठीक पहले दोनों में से किसी भी स्थिति में अटैकिंग खिलाड़ी को ऑफसाइड पोजिशन में नहीं दिखाया गया।" इस मुकाबले में कतर की टीम विदेशी धरती पर अपना पहला प्वाइंट अर्जित करने में सफल रही। दोनों टीमों के बीच खेला गया मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा।
--आईएएनएस
एसएम/पीएम