वंदे मातरम विवाद पर मोहसिन रजा ने कांग्रेस को घेरा, कहा-इनकी प्रवृत्ति राष्ट्र और राम विरोधी
लखनऊ, 18 अगस्त (आईएएनएस)। वंदे मातरम को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच भाजपा नेता मोहसिन रजा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास राष्ट्रगीत वंदे मातरम और भगवान श्रीराम के प्रति विरोध का रहा है। कांग्रेस को वंदे मातरम के मुद्दे पर देश से माफी मांगनी चाहिए और पार्टी की पुरानी विचारधारा को जनता के सामने रखना चाहिए।
भाजपा नेता मोहसिन रजा ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्र और राम दोनों में ही विश्वास नहीं करती है, क्योंकि 1936 में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में साफ तौर पर तय किया गया था कि वंदे मातरम के दो अंतर ही गाए जाएंगे, बाकी अंतरों में चूंकि देवी-देवताओं का नाम आता है, उससे दूसरे समुदाय की भावनाएं आहत होती हैं। भाजपा नेता ने कहा कि दूसरे समुदाय की भावनाएं आहत नहीं हो रही हैं, बल्कि ये कहकर आप वंदे मातरम का विरोध कर रहे हैं।
मोहसिन रजा ने राम मंदिर से जुड़े पुराने न्यायिक विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने अदालत में भगवान राम के अस्तित्व को लेकर सवाल उठाए थे। कांग्रेस का रवैया वंदे मातरम और भगवान राम दोनों के मामले में एक जैसा रहा है। कांग्रेस की विचारधारा राष्ट्र और भगवान राम के प्रति विरोध की रही है। वंदे मातरम के मौजूदा विवाद में कांग्रेस की भूमिका को देश की जनता देख रही है।
मोहसिन रजा ने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी महत्वपूर्ण भावना है। उन्होंने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के रवैये को लेकर उसे माफ नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वंदे मातरम को लेकर अतीत में जो निर्णय लिए और आज जिस तरह से इस मुद्दे पर उसका रुख सामने आ रहा है, दोनों को देश के सामने समझने की जरूरत है।
भाजपा के संगठनात्मक बदलाव पर मोहसिन रजा ने पार्टी के नए उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और जगदीश पटेल का स्वागत किया। उन्होंने दोनों नेताओं को अनुभवी और संगठनात्मक क्षमता वाला नेता बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व संगठन में जिम्मेदारियां सौंपते समय नेताओं के अनुभव और संगठनात्मक क्षमता को ध्यान में रखता है। उनके मुताबिक विनोद तावड़े का छात्र राजनीति और संगठन में लंबा अनुभव रहा है।
मोहसिन रजा ने कहा कि विनोद तावड़े ने लंबे समय तक संगठन के लिए काम किया है और केंद्रीय नेतृत्व के साथ भी उनका व्यापक अनुभव रहा है। उन्होंने बिहार में तावड़े की संगठनात्मक भूमिका का उल्लेख करते हुए दावा किया कि वहां पार्टी को मिली सफलता में उनके अनुभव का लाभ मिला। उन्होंने उम्मीद जताई कि उत्तर प्रदेश में भी विनोद तावड़े के अनुभव से भाजपा को फायदा होगा और आगामी चुनावों में पार्टी लगातार तीसरी बार बड़ी जीत हासिल करेगी।
वंदे मातरम विवाद पर अपनी बात दोहराते हुए मोहसिन रजा ने कहा कि कांग्रेस को राष्ट्र और राम के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लंबे समय से इन मुद्दों पर विरोध की राजनीति करती रही है। वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस का रुख देश के सामने है और जनता इस पूरे विवाद को देख रही है। भाजपा राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक मुद्दों को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट रूप से रखती रही है।
---आईएएनएस
पीएसके/वीसी