×

'वंदे मातरम' का सम्मान हर भारतीय का कर्तव्य : योगेंद्र चंदोलिया

 

नई दिल्‍ली, 17 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयानों, वंदे मातरम बिल और एसआईआर पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्‍पणी जैसे कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी।

पीएम मोदी ने हरियाणा के जींद में जनसभा को संबोधित करते हुए अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि जंग की वजह से होर्मुज से कच्‍चे तेल की सप्‍लाई बाधित हो रही है। अगर साल 2014 से पहले ये स्थिति होती तो शायद आज रेलवे का संचालन ठप हो जाता।

इस पर भाजपा नेता ने कहा क‍ि साल 2014 से पहले की सरकार के काम करने का दृष्टिकोण व्‍यापक नहीं था। देश में मोदी सरकार बनने और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के बनने के बाद कई बड़े बदलाव हुए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक संकट के दौरान भी जनता के लिए पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की किल्‍लत नहीं होने दी।

एसआईआर पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "यह सच है कि चुनाव आयोग के पास यह तय करने का अधिकार नहीं है कि भारत का नागरिक कौन है। इसके लिए अलग-अलग पैमाने हैं। हालांकि, केवल भारतीय नागरिक ही वोटर के तौर पर रजिस्टर हो सकता है। मुझे नहीं पता कि सुप्रीम कोर्ट ने किस संदर्भ में यह टिप्पणी की, लेकिन चुनाव आयोग कोई नागरिकता प्रमाण पत्र जारी नहीं कर रहा है। मैं इस मामले पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहता। लेकिन, चुनाव आयोग के पास निश्चित रूप से किसी को भारतीय नागरिकता देने का अधिकार नहीं है। नागरिकता सरकार द्वारा तय किए गए पैमानों के आधार पर दी जाती है।"

वंदे मातरम गाने का अपमान करने या उसमें बाधा डालने पर सजा के प्रावधान पर भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा, "कई राज्यों ने इसे पहले ही लागू कर दिया है। देश में कई लोग हैं, जिनमें कई राजनीतिक दलों के सदस्य भी शामिल हैं, जो या तो वंदे मातरम नहीं गाते हैं, या अगर गाते भी हैं तो चुपचाप मुंह बंद करके खड़े रहते हैं। एक तरह से वे वंदे मातरम का विरोध करते हैं। इसीलिए कहा जाता है कि अगर आप भारत में रहना चाहते हैं, तो आपको वंदे मातरम कहना ही होगा। ये कौन लोग हैं जो वंदे मातरम नहीं गाते? ये तुष्टिकरण की राजनीति में लगे लोग हैं, जो एक खास धार्मिक समुदाय से जुड़े हैं। वंदे मातरम गाया ही जाना चाहिए।"

एक अन्‍य सवाल के जवाब में भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि सीएम योगी आदित्‍यनाथ के शासन काल में उत्‍तर प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है। वहीं, समाजवादी पार्टी के काल में कानून व्‍यवस्‍था चरमरा गई थी। वहीं जनता को कांग्रेस का सीएम किस साल बना था, यह तक याद नहीं होगा। अगर पहले की बात करें तो उत्‍तर प्रदेश के दम पर कांग्रेस सत्‍ता में आती थी। अगर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन करेंगी तो जनता में आक्रोश व्‍याप्‍त होना तय है।

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम