×

पंजाब: पुलिस रेड के दौरान बवाल, परिजनों ने लगाया गोली लगने से आरोपी की मौत का आरोप

 

जालंधर, 6 जून (आईएएनएस)। जिले के थाना मेहतपुर क्षेत्र के गांव बंगीवाल में एक आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम और उसके परिजनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान चली गोली में घायल हुए आरोपी लवप्रीत उर्फ लवी की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के समय मौजूद परिजनों ने घायल लवप्रीत का वीडियो भी बनाया, जिसमें पुलिस और परिवार के सदस्यों के बीच बहस होती दिखाई दे रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि कत्ल के प्रयास के एक मामले में वांछित लवप्रीत उर्फ लवी अपने घर आया हुआ है। सूचना के आधार पर थाना मेहतपुर के एसएचओ अमन सैनी पुलिस टीम के साथ गांव बंगीवाल पहुंचे। इस दौरान आरोपी, उसके परिजनों और आसपास मौजूद लोगों का पुलिस के साथ विवाद हो गया, जो देखते ही देखते बढ़ गया।

पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान भीड़ ने हाथापाई की और मौके पर गोली चलने की आवाज सुनाई दी। पुलिस का दावा है कि इसके बाद आत्मरक्षा में दो राउंड फायर किए गए। इस दौरान एक गोली लवप्रीत की टांग में लग गई। घायल अवस्था में उसे तुरंत नकोदर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। मृतक के चाचा छिंदा सिंह ने बताया कि मेहतपुर पुलिस किसी मामले में लवप्रीत को गिरफ्तार करने आई थी। उस समय वह बाथरूम में था। उनका आरोप है कि जब वह बाहर आया तो सिविल कपड़ों में आए एसएचओ के गनमैन ने लवप्रीत पर पीछे से गोली चला दी।

एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने कहा कि पुलिस टीम मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और जांच के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

ओपी/एएस