☰
×

'वकील सुरक्षा अधिनियम' बनाने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का लखनऊ में प्रदर्शन

 

लखनऊ, 14 नवंबर (आईएएनएस)। 'वकील सुरक्षा अधिनियम' बनाने के लिए वकील शनिवार को प्रदर्शन कर रहे हैं। पुलिस की ओर से बैरिकेडिंग करके उनको रोकने की कोशिश की जा रही है। विधानसभा की ओर विरोध प्रदर्शन और मार्च कर रहे वकीलों ने दो पुलिस बैरिकेड तोड़ दिए। पुलिस ने प्रदर्शन की निगरानी के लिए ड्रोन तैनात किए हैं।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए वकील सर्वेश कुशवाहा ने कहा, "हम लोगों की ओर से 'वकील सुरक्षा अधिनियम' की मांग की गई है। साथ ही, जूनियर वकीलों को 10 हजार रुपये प्रति महीने के हिसाब से देने की मांग की गई है। हमारी सबसे महत्वपूर्ण मांग है कि हम लोगों को मेडिकल इंश्योरेंस से जोड़ा जाए। इसी तरीके की बहुत सारी मांगें हैं, जिसे लेकर पूरे प्रदेश के अधिवक्ता यहां पर एकत्रित हुए हैं।"

वकील सर्वेश कुशवाहा ने कहा, "हम लोग विधानसभा का घेराव करेंगे। बैरिकेडिंग लगाना पुलिस का काम है लेकिन वकील पूरे जोश में हैं और इसी के साथ हम लोग प्रदर्शन करेंगे।"

कानपुर से आए वकील अरविंद कुमार दीक्षित ने कहा, "हम लोगों की 15 सूत्रीय मांगें हैं, जिसमें सबसे प्रमुख मांग हमारी 'वकील सुरक्षा अधिनियम' की है। आए दिन अधिवक्ताओं की हत्या हो रही है और उत्पीड़न हो रहा है। तरह-तरह से अधिवक्ताओं पर मुकदमे लगाए जा रहे हैं। हम वकील लोग जनता का कार्य करते हैं। किसी से फीस लिया जाता है और किसी से नहीं लिया जाता है। कम पैसे वालों का भी काम किया जाता है। गरीब से गरीब लोगों को भी अधिवक्ता मिलता है। सरकार से अनुरोध है कि हमारी मांगें पूरी करें।"

अरविंद कुमार दीक्षित ने कहा, "इस आंदोलन में शामिल होने के लिए अभी तक 55 जिलों से अधिवक्ताओं के आने की जानकारी मिली है। हम 55 जिलों के अधिवक्ता यहां एकत्रित हो गए हैं। हम लोग विधानसभा का घेराव करेंगे।"

--आईएएनएस

एसडी/पीएम