वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल डेब्यू पर शाहनवाज हुसैन ने दी बधाई, बताया देश का गौरव
नई दिल्ली, 5 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय डेब्यू और उनके प्रदर्शन की जमकर सराहना की है। उन्होंने वैभव को बधाई देते हुए कहा कि यह न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे बिहार और देश के लिए गर्व की बात है कि इतनी कम उम्र में एक खिलाड़ी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कदम रखा है।
शाहनवाज हुसैन ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "समस्तीपुर जिले के ताजपुर में रहने वाले वैभव सूर्यवंशी अब दुनिया के सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। हम उन्हें दिल की गहराइयों से मुबारकबाद देते हैं।"
उन्होंने वैभव के खेल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने शुरुआती प्रदर्शन में ही दो शानदार छक्के लगाए, जिससे उनके भविष्य को लेकर उम्मीदें और बढ़ गई हैं। हुसैन ने कहा कि आने वाले मैचों में उनसे और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। पूरा बिहार और देश खुश है कि भारत का सबसे कम उम्र का खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय मैदान पर उतर गया है।
इसी बीच, शाहनवाज हुसैन ने पश्चिम बंगाल की राजनीति पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने चंद्रिमा भट्टाचार्य के बंगाल टीएमसी चीफ समेत सभी पदों से इस्तीफा देने को लेकर कहा कि ममता बनर्जी की पार्टी में लगातार टूट और असंतोष की स्थिति देखने को मिल रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "ममता बनर्जी से बारी-बारी से सारे बिछड़ रहे हैं। एक दिन ऐसा आएगा कि सिर्फ बुआ-भतीजे की पार्टी बच जाएगी, कोई इनके साथ रहने वाला नहीं है। टीएमसी टुकड़े-टुकड़े से जुड़ी थी, अब टुकड़े-टुकड़े हो गई है।"
हुसैन ने कहा कि टीएमसी के ज्यादातर सांसद, विधायक, पार्षद और कार्यकर्ता सब उन्हें छोड़कर चले गए। ममता बनर्जी कोई बड़ी रैली नहीं कर सकतीं, कोई प्रदर्शन नहीं कर सकतीं, क्योंकि अब उनके पास समर्थक ही नहीं हैं। उनकी जो सेना थी वो अब पूरी तरह से बिखर गई है।
दिल्ली दंगा मामले में शरजील इमाम और उमर खालिद को जमानत न मिलने के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए शाहनवाज़ हुसैन ने कहा कि यह पूरी तरह से न्यायालय का विषय है और अदालत ने अपने निर्णय में स्पष्ट रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि देश के खिलाफ किसी भी प्रकार की साजिश को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस