×

यूडब्ल्यूडब्ल्यू ने अक्टूबर-नवंबर में बहरीन में होने वाली विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2026 को स्थगित किया

 

नई दिल्ली, 22 मई (आईएएनएस)। यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) ने विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2026 को स्थगित कर दिया है। चैंपियनशिप का आयोजन 24 अक्टूबर से 1 नवंबर तक बहरीन में होना था। चैंपियनशिप को पश्चिम एशिया की मौजूदा हालात की वजह से स्थगित किया गया है।

कुश्ती की शीर्ष वैश्विक गवर्निंग बॉडी ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, "यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग, बहरीन ओलंपिक समिति और बहरीन कुश्ती महासंघ के साथ मिलकर, 2026 विश्व चैंपियनशिप के स्थगन की घोषणा करती है। यह चैंपियनशिप मूल रूप से 24 अक्टूबर से 1 नवंबर तक बहरीन साम्राज्य में होनी थी।"

बयान में कहा गया कि यह फैसला इस क्षेत्र में मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति पर सावधानीपूर्वक और जिम्मेदारी से विचार करने के बाद लिया गया है। खासकर खाड़ी क्षेत्र से जुड़े संभावित संघर्ष को लेकर जारी अनिश्चितता और क्षेत्रीय स्थिरता तथा अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर इसके व्यापक प्रभाव को देखते हुए यह निर्णय लिया गया।

यूडब्ल्यूडब्ल्यू के बयान में कहा गया, "बहरीन विश्व स्तरीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है, लेकिन सभी पक्षों का मानना ​​है कि एथलीटों, अधिकारियों, प्रतिनिधिमंडलों, भागीदारों और प्रशंसकों की सुरक्षा, विश्वास और समग्र अनुभव हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।"

यूडब्ल्यूडब्ल्यू ने कहा कि यह फैसला जल्दी और पूरी पारदर्शिता के साथ लेना महत्वपूर्ण था, क्योंकि इससे उन्हें एक नए मेजबान की पहचान करने के लिए पर्याप्त समय मिल जाता है।

बयान में कहा गया, "अंतरराष्ट्रीय खेल के विकास और उसकी गरिमा के लिए समर्पित संगठनों के तौर पर, यूडब्ल्यूडब्ल्यू, बहरीन ओलंपिक समिति और बहरीन कुश्ती महासंघ का मानना ​​है कि यह फैसला तैयारी के अंतिम चरणों तक इंतजार करने के बजाय, पर्याप्त समय और पारदर्शिता के साथ लेना महत्वपूर्ण है। अभी जिम्मेदारी से काम करने से 2026 के लिए संभावित नए मेजबान देश का मूल्यांकन करने का पर्याप्त अवसर मिलता है, ताकि प्रतियोगिता के मेजबान की पहचान की जा सके और आयोजन की तैयारी पेशेवर और व्यवस्थित तरीके से की जा सके।"

यूडब्ल्यूडब्ल्यू के बयान में यह भी कहा गया, "वे इस बात को याद दिलाते हैं कि खेल 'शांति, सम्मान और एकता की एक सार्वभौमिक भाषा बना हुआ है। कुश्ती हमेशा से ही सिर्फ एक मुकाबले से कहीं ज्यादा रही है। यह देशों, संस्कृतियों और लोगों के बीच एक पुल का काम करती है। ऐसे समय में जब दुनिया अनिश्चितता और बंटवारे का सामना कर रही है, हमें यह याद दिलाया जाता है कि खेल आज भी शांति, सम्मान और एकता की एक सार्वभौमिक भाषा बना हुआ है। इसी भावना के साथ यूडब्ल्यूडब्ल्यू, बहरीन ओलंपिक समिति और बहरीन कुश्ती महासंघ मिलकर यह संयुक्त बयान जारी कर रहे हैं।"

बयान में कहा गया, "हम वैश्विक कुश्ती परिवार—एथलीटों, राष्ट्रीय महासंघों, कोचों, अधिकारियों, भागीदारों और दुनिया भर के समर्थकों—के प्रति उनकी समझ, एकजुटता और निरंतर समर्थन के लिए अपना हार्दिक आभार व्यक्त करना चाहते हैं। यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग, खेल और उसके समुदाय के हितों की दुनिया भर में रक्षा करने के लिए राष्ट्रीय सदस्यों के साथ घनिष्ठ सहयोग, विश्वास और साझा प्रतिबद्धता के साथ काम करता है।"

यूडब्ल्यूडब्ल्यू ने कहा कि भविष्य की तारीखों और मेजबानी से जुड़े मामलों के बारे में आगे की जानकारी उचित समय पर दी जाएगी।

--आईएएनएस

पीएके