उत्तरकाशी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्मैक के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
उत्तरकाशी, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत उत्तरकाशी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो नशा तस्करों को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
'ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन' और नशा मुक्त अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देश पर की गई, जिनके नेतृत्व में जनपद पुलिस लगातार नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती से शिकंजा कस रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दिनेश कुमार और एसओजी प्रभारी निखिल देव चौधरी के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने शनिवार रात सटीक सूचना के आधार पर चेकिंग अभियान चलाया।
देर रात करीब 12 बजे मनेरा बाईपास स्थित ऋषिराम स्कूल के पास दो संदिग्ध युवकों को रोका गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से क्रमशः 4.73 ग्राम और 4.31 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 9.04 ग्राम पाई गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शुभम (28 वर्ष) और विनोद लाल (36 वर्ष), दोनों निवासी ज्ञानसू, उत्तरकाशी के रूप में हुई है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कोतवाली उत्तरकाशी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
बताया गया है कि आरोपी विनोद के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामला दर्ज है, जबकि अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा चुका है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दिलमोहन बिष्ट, कांस्टेबल दीपक चौहान और कांस्टेबल सुनील मैठानी सहित एसओजी टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और युवाओं को नशे की लत से बचाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 9 मामलों में 12 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इस दौरान 6 किलोग्राम से अधिक अवैध चरस और 9.04 ग्राम स्मैक बरामद की गई है, जबकि 4 तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। उत्तरकाशी पुलिस का नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी