☰
×

उत्तरकाशी: गंगोत्री-गौमुख ट्रेक पर महाराष्ट्र का पर्यटक खाई में गिरा, दूसरे दिन भी तलाश जारी

 

उत्तरकाशी, 26 सितंबर (आईएएनएस)। गंगोत्री-गौमुख ट्रेक मार्ग पर महाराष्ट्र से आए एक पर्यटक के गहरी खाई में गिरकर लापता होने के बाद दूसरे दिन भी व्यापक खोज एवं बचाव अभियान जारी रहा। हालांकि, लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित रहा और देर शाम तक पर्यटक का कोई सुराग नहीं मिल पाया।

उधर, मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम की यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) के मुताबिक, महाराष्ट्र से आए पांच पर्यटकों का दल 25 सितंबर को गंगोत्री से गौमुख की ओर ट्रेकिंग के लिए रवाना हुआ था। दोपहर लगभग 2:30 बजे चीड़बासा से आगे कच्चीढांग नामक स्थान पर राम कुमार हनुमान गुप्ता (65) पुत्र रामकुमार गुप्ता निवासी कपिला अपार्टमेंट, ब्लॉक संख्या-12, करजत काचेन रोड, पाटिल अली, राजगढ़, महाराष्ट्र का पैर फिसल गया और वह लगभग 130 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। घटना के बाद से वह लापता है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और स्थानीय पोर्टरों की टीम को मौके पर रवाना किया गया। शनिवार को भी सर्च अभियान जारी रखा गया। गंगोत्री से एसडीआरएफ के छह जवान, चार नेपाली पोर्टर, भोजवासा से वन विभाग के चार जवान, पुलिस के दो जवान तथा दो पोर्टरों सहित कुल 18 सदस्यीय टीम को खोज एवं बचाव कार्य में लगाया गया।

रेस्क्यू टीमों ने कच्चीढांग, चीड़बासा, देवगढ़ खाले तथा राम मंदिर के नीचे नदी किनारे तक व्यापक खोजबीन की। लगातार वर्षा और प्रतिकूल मौसम के कारण अभियान को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। प्रशासन के अनुसार मौसम में सुधार होते ही खोज अभियान को और तेज किया जाएगा।

लापता पर्यटक के साथ दीपक छोटेलाल, शिवसेवक मोतीलाल, विशाल राम कुमार और निखिल सुरेश भी ट्रेक पर गए थे। पर्यटक के परिजन भी गंगोत्री में मौजूद हैं। साथ आए अन्य पर्यटक वर्तमान में गंगोत्री धाम स्थित गोमुख होटल में ठहरे हुए हैं।

इधर, मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट के दृष्टिगत जिलाधिकारी के निर्देश पर हीना एवं दोबाटा होल्डिंग पॉइंट्स पर गंगोत्री धाम तथा यमुनोत्री धाम की यात्रा को एहतियातन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र और स्मार्ट कंट्रोल रूम को अलर्ट मोड पर रखा गया है तथा सभी तहसीलों से वर्षा और भूस्खलन संबंधी सूचनाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग, बीआरओ, लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को मशीनरी एवं मैनपावर तैयार रखने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी मार्ग के अवरुद्ध होने पर उसे तत्काल खोला जा सके। जिला प्रशासन ने कहा है कि लापता पर्यटक की तलाश जारी है तथा सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी