उत्तरकाशी: ईवीएम-वीवीपैट जांच के लिए ईसीआईएल के 10 इंजीनियर होंगे तैनात
उत्तरकाशी, 23 सितंबर (आईएएनएस)। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जनपद में उपलब्ध ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एफएलसी कार्य से संबंधित व्यवस्थाओं और विभागीय तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में उपलब्ध सभी ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच का कार्य 5 अक्टूबर से कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस में शुरू किया जाएगा। इस कार्य के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल) की ओर से 10 इंजीनियर तैनात किए गए हैं, जो मशीनों की तकनीकी जांच करेंगे।
बैठक में जिलाधिकारी ने एफएलसी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा, चिकित्सा, साफ-सफाई, पेयजल, जलपान तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) एवं हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) की व्यवस्था तथा अग्निशमन वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों के अनुसार सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि एफएलसी कार्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और सावधानी के साथ संपादित किया जाए। साथ ही कार्य की दैनिक प्रगति रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन अधिकारी को नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, वरिष्ठ कोषाधिकारी आशीष खुदलानी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग डीसी नौटियाल, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग योगेंद्र कटारिया, जिला पूर्ति अधिकारी आशीष कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
--आईएएनएस
डीकेपी/