उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, नैनीताल और अल्मोड़ा के डीएम बदले, 10 अफसरों के हुए तबादले
देहरादून, 28 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा के पांच और राज्य सिविल सेवा के 5 अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। 27 नवंबर के आदेश के अनुसार, सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस फेरबदल में सबसे अहम बदलाव नैनीताल और अल्मोड़ा के जिलाधिकारी के पद पर हुआ है। नैनीताल के जिलाधिकारी रहे ललित मोहन रयाल को अब शासन में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। ललित मोहन रयाल जिलाधिकारी नैनीताल और उपाध्यक्ष, जिला विकास प्राधिकरण, नैनीताल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। उन्हें अपर सचिव, कार्मिक एवं सतर्कता विभाग व अपर सचिव मुख्यमंत्री के पद पर तैनात किया गया है। कुमाऊं मंडल विकास निगम, नैनीताल के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर को उपाध्यक्ष, जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
वहीं, अल्मोड़ा की नई जिलाधिकारी दीप्ति सिंह (2017) को बनाया गया है। दीप्ति सिंह को निदेशक, खेल, युवा कल्याण, उत्तराखंड के पद से अवमुक्त करते हुए जिलाधिकारी अल्मोड़ा के पद पर तैनात किया गया है। जिलाधिकारी अल्मोड़ा रहे आईएएस अंशुल सिंह को जिलाधिकारी नैनीताल के पद पर तैनात किया गया है।
खेल विभाग में भी बदलाव किया गया है। निधि यादव (2017 बैच) को अपर सचिव कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग से अवमुक्त करते हुए अपर सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग और निदेशक खेल, युवा कल्याण के पद पर तैनात किया गया है।
पांच पीसीएस अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं। कृष्ण कुमार मिश्र को अपर जिलाधिकारी देहरादून के पद से अवमुक्त करते हुए अपर जिलाधिकारी हरिद्वार के पद पर तैनात किया गया है। पंकज कुमार उपाध्याय को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
वैभव गुप्ता को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार के पद से अवमुक्त करते हुए अपर जिलाधिकारी देहरादून के पद पर तैनात किया गया है।
डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा और नगर आयुक्त अल्मोड़ा नगर निगम सीमा विश्वकर्मा को पद से अवमुक्त करते हुए डिप्टी कलेक्टर नैनीताल के पद पर तैनात किया गया है। डिप्टी कलेक्टर नैनीताल सुधीर कुमार को पद से अवमुक्त करते हुए डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा के पद पर तैनात किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि संबंधित अधिकारी अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती के पदभार में तत्काल कार्यभार ग्रहण करते हुए आख्या कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-1, उत्तराखंड शासन को उपलब्ध कराएंगे।
--आईएएनएस
एससीएच/पीएम