☰
×

उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत, सांस्कृतिक समृद्धि, वीरता और प्रगति पूरे देश को करती है प्रेरित : मनोज सिन्हा

 

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उत्तराखंड के 26वें स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को अपनी ओर से शुभकामनाएं दीं।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मैं पवित्र देवभूमि के सभी नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत, सांस्कृतिक समृद्धि, वीरता और विकास की प्रगति पूरे देश को प्रेरित करती है। हिमालय, गंगा और बाबा केदारनाथ की यह भूमि निरंतर समृद्ध होती रहेगी और भारत की एकता तथा चेतना को और मजबूत करेगी।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि धर्म, अध्यात्म और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की पवित्र संगम स्थली, अनुपम नैसर्गिक सौंदर्य से परिपूर्ण, देवभूमि उत्तराखंड के स्थापना दिवस की सभी उत्तराखंड वासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं। भगवान बद्री-केदार के आशीर्वाद से धन्य यह पावन धरा सीएम धामी के कुशल नेतृत्व में ऐसे ही निरंतर विकास और प्रगति के पथ पर गतिमान रहे और सभी भाई-बहनों के जीवन में सुख, समृद्धि, और आनंद में वृद्धि होती रहे, यही कामना करता हूं।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बधाई देते हुए लिखा कि देवभूमि उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर समस्त प्रदेशवासियों और दिल्ली में बसे उत्तराखंडी परिवारों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। बाबा केदारनाथ और बद्री विशाल की पावन धरा उत्तराखंड हमारी आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का गौरव है। पीएम मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देवभूमि विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही है। बाबा केदार से प्रदेश की निरंतर उन्नति और जन-जन के मंगल की प्रार्थना करती हूं।

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने बधाई देते हुए लिखा कि उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं। देवभूमि उत्तराखंड की पावन धरा, समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और वीरता की विरासत को कोटि-कोटि नमन। यह राज्य हमारे लिए केवल हिमालय की सुंदरता का प्रतीक नहीं बल्कि अटूट संकल्प, संघर्ष, शौर्य और आध्यात्मिक चेतना की पहचान है। आइए, बाबा केदारनाथ एवं भगवान बद्री विशाल के आशीर्वाद से हम सभी मिलकर एक समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प लें। समस्त उत्तराखंडवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम