उत्तराखंड: काशीपुर सीट से यूकेडी प्रत्याशी बने प्रदीप चंद, बोले- विकास होगी पहली प्राथमिकता
उधम सिंह नगर, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने काशीपुर विधानसभा सीट से प्रदीप चंद को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी से टिकट मिलने के बाद प्रदीप चंद ने हाईकमान और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि काशीपुर का विकास उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने क्षेत्र की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, रोजगार, सड़क, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। साथ ही, भाजपा और अन्य राष्ट्रीय दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद काशीपुर को अपेक्षित विकास नहीं मिल पाया है। उन्होंने दावा किया कि इस बार जनता उत्तराखंड क्रांति दल को विकल्प के रूप में आगे लाना चाहती है और पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ प्रदेश में सरकार बनाएगी।
काशीपुर विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित होने के बाद प्रदीप चंद ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए वह बेहद आभारी हैं। उन्होंने कहा कि वह पिछले कई वर्षों से काशीपुर की समस्याओं को लेकर सक्रिय हैं और क्षेत्र के लोगों के बीच रहकर काम कर रहे हैं। पार्टी ने उनके प्रयासों और दावेदारी को देखते हुए उन्हें चुनाव लड़ने का अवसर दिया है। अब वह पूरी निष्ठा और मेहनत से इस जिम्मेदारी को निभाने का प्रयास करेंगे।
प्रदीप चंद ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता काशीपुर की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने शहर के नेशनल हाईवे की स्थिति, फ्लाईओवर और रोडवेज बस अड्डे की बदहाल व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि इन सुविधाओं में सुधार जरूरी है। इसके अलावा गिरीताल और द्रोणासागर जैसे महत्वपूर्ण स्थलों की स्थिति बेहतर बनाने की दिशा में भी काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि काशीपुर में उच्च शिक्षा के पर्याप्त अवसर उपलब्ध होने चाहिए। इसके लिए यहां एक बेहतर कॉलेज और विश्वविद्यालय की स्थापना जरूरी है। प्रदीप चंद के मुताबिक, स्थानीय छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों में जाना पड़ता है। यदि काशीपुर में ही बेहतर शैक्षणिक संस्थान उपलब्ध होंगे तो युवाओं को अपने क्षेत्र में रहकर पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा।
प्रदीप चंद ने प्रदेश और क्षेत्र में लंबे समय तक सत्ता में रही सरकारों के कामकाज पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 26 साल के दौरान जनता कितनी संतुष्ट हुई है, इसका जवाब लोगों के बीच जाकर मिल सकता है। उन्होंने खुद को मौजूदा विकास की स्थिति से बिल्कुल असंतुष्ट बताते हुए कहा कि इतने लंबे समय में काशीपुर को स्मार्ट सिटी जैसी सुविधाओं से लैस हो जाना चाहिए था, लेकिन आज भी लोग रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को जरूरी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। अस्पतालों में मरीजों की जांच के लिए पर्याप्त व्यवस्था तक नहीं है और कई बार लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सरकारी अस्पतालों की स्थिति ऐसी हो गई है कि मरीजों को उपचार देने के बजाय दूसरे अस्पतालों में रेफर कर दिया जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकारी अस्पतालों में ही जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं होंगी तो आम नागरिक इलाज के लिए कहां जाएगा।
प्रदीप चंद ने कहा कि युवा वर्ग और उनके माता-पिता दोनों ही मौजूदा राजनीतिक विकल्पों से निराश हैं। रोजगार और शिक्षा के बेहतर अवसर नहीं मिलने के कारण युवा परेशान हैं और अब जनता एक नए विकल्प की तलाश कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल को केवल तीसरा विकल्प नहीं, बल्कि पहला विकल्प होना चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण में उत्तराखंड क्रांति दल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
--आईएएनएस
पीएसके