उत्तराखंड: देहरादून पुलिस ने मर्डर केस का किया चौंकाने वाला खुलासा, भाई ही निकला हत्यारा
देहरादून, 15 जून (आईएएनएस)। देहरादून पुलिस ने थाना पटेलनगर के भुड्डी गांव में हुए हत्याकांड मामला में चौंकाने वाला खुलासा किया है।
भुड्डी गांव में हुए सोहेल हत्याकांड में पुलिस ने कुछ घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी मृतक का सगा छोटा भाई शाहिद (21) है। एसएसपी ने पुलिस टीम को बधाई दी।
एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई देसी पिस्तौल भी बरामद कर ली है।
पुलिस जांच में सामने आया कि माता-पिता के हज पर जाने के बाद आरोपी शाहिद ने अपने पिता के एटीएम से करीब 10 लाख रुपए चोरी-छिपे निकाल लिए थे। इन पैसों को उसने अपनी नशे और महंगे शौकों पर खर्च कर दिया।
इस बात की जानकारी मिलने पर बड़े भाई सोहेल ने उसे डांटा। इसी रंजिश के चलते शाहिद ने 14 जून की रात घर के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद कर अपने भाई सोहेल की गोली मारकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात बदमाशों द्वारा हत्या की झूठी कहानी गढ़ी। इतना ही नहीं, उसने ग्रामीणों को भड़काकर देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव रखकर चक्का जाम भी कराया। पुलिस ने चक्का जाम करने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
देहरादून में एक अन्य मामले में डालनवाला पुलिस ने पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उन्हें धारा 308(6) के तहत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े सोशल मीडिया वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा था। इसके बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। एसएसपी देहरादून ने कहा कि लगाए गए सभी आरोपों की गहन जांच की जा रही है।
इसके साथ ही, देहरादून में विनोद कश्यप हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम