उत्तराखंड में भाजपा सरकार के चार साल पूरे होने पर खुशी से गदगद हुआ संत समाज, पीएम मोदी और सीएम धामी की सराहना की
हरिद्वार, 7 मार्च (आईएएनएस)। उत्तराखंड में भाजपा की सरकार को चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में हरिद्वार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सरकार द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए विकास की गति को और तेज करने की बात कही। इस कार्यक्रम में महामंडलेश्वर समेत कई भाजपा नेताओं को देखा गया।
कार्यक्रम में पहुंचे महामंडलेश्वर ललितानंद गिरि महाराज ने समाचार एजेंसी आईएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "विश्व की आध्यात्मिक राजधानी देवभूमि उत्तराखंड के लिए यह गर्व की बात है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देवभूमि उत्तराखंड से गहरा लगाव है। उन्होंने यहां साधना और तपस्या की है और संतों, ऋषियों, मुनियों और गुरुओं से ज्ञान प्राप्त किया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी देश और पूरे उत्तराखंड के विकास के लिए काम किया है और जल्द ही केंद्र सरकार की मदद से उत्तराखंड में अर्धकुंभ का आयोजन होगा।"
वहीं, महामंडलेश्वर बालकानंद गिरि ने सरकार के 4 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में कहा, "मैं भारत के प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को बधाई देना चाहता हूं। साथ ही, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड की जनता की सेवा में उनके चार वर्षों के समर्पण के लिए हार्दिक बधाई। उन्होंने अपने दृढ़ संकल्प, निष्ठा और सद्भावना के माध्यम से राज्य की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस कार्यक्रम के जरिए युवाओं को प्रेरित किया गया है कि सरकार ने राज्य और पूरे देश के लिए क्या कुछ नहीं किया।"
इसके अलावा, स्वामी चिदानंद मुनि महाराज का कहना है कि पिछले 11 वर्षों में जो उल्लेखनीय परिवर्तन हुए हैं, वे बेमिसाल हैं। यह वास्तव में एक असाधारण उदाहरण है। कार्यक्रम में बद्रीनाथ-केदारनाथ समिति के अध्यक्ष भी पहुंचे। उनका कहना है कि राज्य भर के सभी कार्यकर्ताओं में अपार उत्साह है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में किए गए विकास कार्य हमारे मूल मंत्र 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' को दर्शाते हैं। सरकार ने प्रदेश में ऐसे विकास कार्य किए हैं कि सीएम धामी के साथ पूरा उत्तराखंड खड़ा है।"
पूर्व विधायक मुकेश कोहली भी कार्यक्रम का हिस्सा बने। उन्होंने आईएएनएस से खास बातचीत में कहा, "हमें पूरा विश्वास है कि आज हमारे गृह मंत्री अमित शाह यहां आ रहे हैं और वे सरकार और अधिकारियों को संबोधित करेंगे। उनके संबोधन से सभी उपस्थित लोगों को ऊर्जा और प्रेरणा मिलेगी।" वहीं उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने कहा, "शानदार! दोहरी इंजन सरकार के चार अभूतपूर्व वर्ष, जो इसकी शक्ति और दक्षता का प्रदर्शन करते हैं। देवभूमि उत्तराखंड में आम लोग समृद्ध हैं, आय दोगुनी से अधिक हो गई है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राज्य तेजी से प्रगति कर रहा है। आज उत्तराखंड का हर वासी खुशी से गदगद है और अमित शाह भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे और कार्यक्रम में बढ़ती भीड़ इस बात का सबूत है कि चार साल, जनता के लिए भी बेमिसाल रहे हैं।"
कार्यक्रम में शामिल हुए भाजपा नेता नेहा जोशी ने कहा, "पिछले चार वर्षों में उत्तराखंड में कई अभूतपूर्व विकास हुए हैं। चार साल पहले उत्तराखंड के लोग इसे 'पेंडुलम राज्य' मानते थे, जहां एक बार कोई पार्टी सत्ता में आ जाती थी तो अगली बार वापस नहीं आती थी, लेकिन इन चार वर्षों में जनता ने हमें जो आशीर्वाद दिया है, उसे हमने पूरी निष्ठा से स्वीकार किया है। धामी सरकार ने उस भरोसे को हर रोज बरकरार करने रखने की कोशिश की है, चाहे वह युवाओं को रोजगार देना हो या फिर लखपति दीदी योजना हो।"
--आईएएनएस
पीएस/डीकेपी