×

उत्तर प्रदेश: योग से निरोग, निरोग से विकसित भारत' का संदेश, प्रदेशभर में मंडल स्तर तक आयोजित हुए योग शिविर

 

लखनऊ, 21 जून (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को उत्तर प्रदेश में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित कर 'योग से निरोग' और 'विकसित भारत' का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर केंद्रीय मंत्रियों, उपमुख्यमंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों ने विभिन्न जिलों में योगाभ्यास कर लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी में आयोजित योग कार्यक्रम में भाग लेकर योग के महत्व को रेखांकित किया। वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने महाराजगंज में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ योगाभ्यास किया।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह हापुड़, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक लखनऊ तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह लखनऊ के राजाजीपुरम में आयोजित योग कार्यक्रमों में शामिल हुए।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को एक सूत्र में जोड़ने वाला जीवन विज्ञान है। योग मानसिक संतुलन, आत्मिक शांति और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ और ऊर्जावान राष्ट्र के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि 'सर्वे सन्तु निरामयाः' का लोककल्याणकारी विचार भारतीय संस्कृति की विश्व को अमूल्य देन है और योग दर्शन इसी भावना का आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग आज वैश्विक जनआंदोलन का रूप ले चुका है और भारत की सांस्कृतिक पहचान के रूप में पूरी दुनिया में स्थापित हुआ है।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने राजाजीपुरम में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि योग भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और जीवन दर्शन का अमूल्य उपहार है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सतत प्रयासों के कारण योग को वैश्विक पहचान मिली और आज करोड़ों लोग इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना चुके हैं। योग केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य का आधार नहीं है, बल्कि एक सशक्त, स्वस्थ और आत्मनिर्भर राष्ट्र के निर्माण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। योग से निरोग, योग से समृद्धि और योग से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को नियमित योग अपनाना चाहिए।

प्रदेश उपाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने आगरा, जयंत चौधरी ने मेरठ, हरदीप सिंह पुरी ने सोनभद्र तथा बीएल वर्मा ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेकर योगाभ्यास किया।

उन्होंने बताया कि भाजपा ने प्रदेशभर में मंडल स्तर तक योग शिविरों का आयोजन किया। इन कार्यक्रमों में प्रदेश सरकार के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, महापौरों, स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भागीदारी की। साथ ही विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, आध्यात्मिक और व्यावसायिक संगठनों ने भी योग शिविर आयोजित कर योग को जन-आंदोलन बनाने के प्रयासों को मजबूती प्रदान की।

भाजपा नेताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन विरासत होने के साथ-साथ आधुनिक जीवन की अनेक चुनौतियों का प्रभावी समाधान भी है। नियमित योगाभ्यास से स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान मिल सकता है।

--आईएएनएस

विकेटी/एएसएच