उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027: जानिए बुलंदशहर की सभी 7 सीटों का हाल, पिछले चुनाव में भाजपा ने किया क्लीन स्वीप
लखनऊ, 1 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में स्थित बुलंदशहर जिला राजनीतिक और सामाजिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यहां कुल 7 विधानसभा क्षेत्र हैं और पिछले दो चुनावों (2017 और 2022) में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सभी सात सीटों पर कब्जा जमाया।
बुलंदशहर जिले की सात विधानसभा सीटों में सिकंदराबाद, बुलंदशहर, स्याना, अनूपशहर, डिबाई, शिकारपुर और खुर्जा शामिल है। वर्तमान में सिकंदराबाद सीट से भाजपा के लक्ष्मी राज सिंह, बुलंदशहर से प्रदीप कुमार चौधरी, स्याना सीट से देवेंद्र सिंह लोधी, अनूपशहर से संजय कुमार शर्मा, डिबाई सीट से चंद्रपाल सिंह और खुर्जा विधानसभा सीट से मीनाक्षी सिंह विधायक हैं। हालांकि, शिकारपुर विधानसभा सीट इसी साल सितंबर में विधायक अनिल शर्मा के निधन के बाद खाली हो गई।
2022 के चुनावों में सिकंदराबाद सीट पर लक्ष्मी राज सिंह ने 29 हजार से अधिक वोटों से समाजवादी पार्टी के राहुल यादव को शिकस्त दी। लक्ष्मी राज को कुल 1,25,644 वोट हासिल हुए और सपा प्रत्याशी को कुल 96,301 मिले। इस सीट पर कुल 11 प्रत्याशी उतरे थे।
बुलंदशहर में भाजपा के प्रत्याशी के रूप में प्रदीप कुमार चौधरी ने 25 से अधिक वोटों से राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी मोहम्मद युनुस को हराया था। प्रदीप चौधरी को कुल 1,27,076 वोट मिले, जबकि लोकदल प्रत्याशी को कुल 1,01,246 वोट हासिल हुए। बसपा और कांग्रेस के प्रत्याशी क्रमश: तीसरे और चौथे नंबर पर रहे। यहां से 11 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा।
2022 के विधानसभा चुनाव में स्याना में करीब 90 हजार वोटों के अंदर से भाजपा के देवेंद्र सिंह लोधी ने राष्ट्रीय लोकदल के दिलनवाज खान को हराया था। भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में कुल 1,49,125 वोट पड़े, जबकि लोकदल के उम्मीदवार को 59,468 लोगों ने वोट किया। पिछली बार कुल 8 प्रत्याशियों ने यहां से चुनाव लड़ा।
अनूपशहर से भाजपा के संजय कुमार शर्मा ने 77 हजार से अधिक वोटों से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी रामेश्वर को मात दी। संजय शर्मा को जहां कुल 1,25,602 वोट मिले, वहीं बसपा प्रत्याशी के खाते में 47,979 वोट आए। यहां एनसीपी के प्रत्याशी केके शर्मा कुल 44,180 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। 2022 में यहां से 11 उम्मीदवारों ने किस्मत आजमाई।
डिबाई सीट से चंद्रपाल सिंह ने 68 हजार से अधिक वोटों से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हरीश लोधी को हराया। चंद्रपाल सिंह को कुल 1,28,640 मतदाताओं ने वोट दिया, जबकि हरीश लोधी को कुल 60,615 मतदाताओं का वोट मिला। यहां भी बसपा और कांग्रेस क्रमश: तीसरे और चौथे नंबर पर रहीं। चुनाव में कुल 7 प्रत्याशी उतरे थे।
खुर्जा विधानसभा सीट से विधायक मीनाक्षी सिंह ने 2022 के विधानसभा चुनाव में 67 हजार से अधिक वोटों से जीत हासिल की थी। उन्हें कुल 1,37,461 वोट मिले थे, जबकि समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी बंशी सिंह को कुल 70,377 मतदाताओं ने वोट दिया। बसपा ने विनोद को अपना प्रत्याशी बनाया, जिन्हें 45,325 वोट मिले और वे तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, कांग्रेस ने तुक्की को टिकट दिया, जो महज 2,643 वोट के साथ चौथे स्थान पर थे।
वर्तमान में रिक्त शिकारपुर विधानसभा सीट पर 2022 के विधानसभा चुनाव में अनिल शर्मा ने राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी किरणपाल सिंह को 55 हजार से अधिक वोटों से हराया था। अनिल शर्मा को कुल 1,13,855 वोट मिले, जबकि लोकदल के प्रत्याशी को कुल 58,172 मतदाताओं ने वोट दिया। इस सीट पर 2022 में कुल 9 प्रत्याशी उतरे थे।
--आईएएनएस
डीसीएच/