उत्तर प्रदेश: सहारनपुर में मिले दो शवों के मामले में पुलिस को मिली लीड, एक गिरफ्तार
सहारनपुर, 1 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के जनपद सहारनपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र में 27 अप्रैल को नौगांवा गांव के पास रजवाहा में राखी का शव बोरे में बंधा मिला था, साथ ही पुलिस को शव के पास चौकर का प्लास्टिक बोरा और रस्सी बरामद हुई थी। आशंका जताई जा रही है आरोपियों ने पहले राखी की हत्या की और फिर शव को चौक के प्लास्टिक बोरे में डालकर रस्सी से बांध दिया। इसके बाद शव को सुनसान जगह ले जाकर फेंक दिया।
आरोपियों ने पहले आसपास एक सुनसान जगह को तलाश किया और जब देखा कि कोई आवाजाही नहीं है तो वहीं पर शाम को राजवाहा में फेंक दिया ताकि किसी को कुछ पता न चल सके। सहारनपुर पुलिस को जांच के दौरान मौके से अहम सुराग हाथ लगे, इससे यह भी संकेत मिल रहा है कि वारदात को पूरी योजना को बनाकर अंजाम दिया गया हैं। पुलिस अब बरामद बोरे और रस्सी के जरिए आरोपियों तक पहुंचने और घटनाक्रम को पूरी तरह स्पष्ट करने में जुटी है हालांकि मीडिया से दूरी भी बनाकर रखी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विक्रांत और राखी जल्दी ही शादी करने वाले थे।
सहारनपुर जिले के रजापुर नौगांव के राजवाहे में मृत मिली राखी कश्यप 23 अप्रैल को डूडा के शहर मिशन प्रबंधक विक्रांत, निवासी प्रयागराज, के लापता होने की शिकायत दर्ज होते ही पुलिस के रडार पर आ गई थी। पुलिस ने राखी कश्यप को कोतवाली बुलाकर पूछताछ भी की, लेकिन उससे सच नहीं उगलवा सकी। पुलिस ने पूछताछ के बाद राखी को छोड़ दिया। राखी अपने साथ एक लाइसेंसी पिस्टल रखती थी, जिसे पूछताछ के बाद लाइसेंसी पिस्टल पुलिस ने वहीं जमा करा ली थी।
शहर के अर्जुनपुरम कॉलोनी में किराए के मकान में अपनी पत्नी प्राची व बेटी के साथ रहने वाले डूडा के शहर मिशन प्रबंधक विक्रांत निवासी प्रयागराज अप्रैल 2018 से बागपत में तैनात थे। 15 अप्रैल को विक्रांत कार्यालय में आए और शाम तक काम करते रहे। इसके बाद अर्जुनपुरम कॉलोनी में अपने कमरे पर चले गए। वह अगले दिन कार्यालय नहीं गए। जब विक्रांत के कार्यालय में नहीं आने पर साथी कर्मियों ने फोन किया तो उनका का फोन बंद मिला। 23 अप्रैल को विक्रांत की पत्नी प्राची ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई।
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच की तो पता चला कि विक्रांत के साथ राखी का प्रेम-प्रसंग होने का मामला सामने आया, जिनके बीच फोन पर लंबी बातचीत होती थी। पुलिस ने राखी से संपर्क कर कोतवाली बुलाकर पूछताछ की तो उसने कुछ नहीं बताया। पुलिस ने राखी कश्यप के बयान दर्ज करने के बाद उसे छोड़ दिया, जिसके एक दिन बाद राखी भी लापता हो गई।
पुलिस को एक सुराग हाथ लगा। डूडा के शहर मिशन प्रबंधक विक्रांत की कार में कुछ दिन पहले आग लग गई थी। लापता होने से दो दिन पहले उन्होंने अपने बैंक खाते से चार लाख रुपए निकाले। उनके गायब होने पर पुलिस ने बैंक खाते की जानकारी ली, तो वह रुपए उन्होंने किस लिए निकाले थे, इसकी किसी को जानकारी नहीं है।
राजपुर खामपुर गांव की रहने वाली राखी की शादी मेरठ में हुई थी, जिसका पहले पति से तलाक हो गया था। उसने दूसरी शादी की, लेकिन वहां भी तलाक हो गया। इसके बाद खेकड़ा की काशीराम कॉलोनी में रहने लगी।
वहां के बाद खेकड़ा की एनबीसीसी कॉलोनी में रही और बाद में बागपत की अर्जुनपुरम कॉलोनी में किराए पर रहने लगी। वहां पर खुद को डूडा में संविदाकर्मी बताकर कमरा किराए पर लिया था। राखी का कई लोगों से विवाद भी चल रहा था और उस पर मुकदमे दर्ज कराए हुए थे। राखी का पंद्रह दिन पहले कचहरी परिसर में एक युवक से झगड़ा भी हुआ था।
डूडा के शहर मिशन प्रबंधक विक्रांत की पत्नी प्राची सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग नोएडा में कर्मी है। उनके परिवार में एक बेटी है। विक्रांत के लापता होने के दिन उनकी पत्नी ड्यूटी पर नोएडा गई हुई थी। विक्रांत की हत्या के बारे में डूडा कार्यालय में साथी कर्मियों को पता चला तो सब इस घटना को सुनकर हैरान रह गए।
मिली जानकारी के अनुसार विक्रांत के लापता होने से पहले राखी कश्यप के घर में पार्टी की गई, जिसमें विक्रांत, राखी और भाजपा नेता समेत अन्य लोग शामिल हुए थे। राखी ने पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन करके सूचना दी कि उसके पति ने खुद को गोली मार ली। इसके थोड़ी देर बाद राखी ने फोन बंद कर लिया। बाद में पुलिसकर्मियों ने उससे संपर्क किया तो उसने पारिवारिक विवाद होने पर झूठी शिकायत करने की बात कहकर मामला टाल दिया था।
बागपत की डूडा कर्मी विक्रांत और राखी कश्यप के सहारनपुर में शव मिलने के सनसनीखेज मामले में अब बड़ी कार्रवाई सामने आई है। सहारनपुर पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी भाजपा नेता सुधारस चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को उसके घर से हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के दौरान का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी सुधारस चौहान को कार में बैठाकर ले जाते हुए देखा जा सकता है।
बताया जा रहा है कि इस हत्याकांड में सुधारस चौहान का नाम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया था, जिसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आज पुलिस ने उसे पकड़कर मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है, ताकि इस हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा हो सके।
--आईएएनएस
एमएस/