उत्तर प्रदेश में आपसी भाईचारा खत्म करने के लिए डर का माहौल बनाया गया : अजय राय
लखनऊ, 5 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि यहां पर आपसी भाईचारे को खत्म करने के लिए डर का माहौल बनाया गया है।
सहारनपुर में एक मस्जिद गिराए जाने पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने जो डर का माहौल बनाया है, उसका मकसद आपसी भाईचारे को खत्म करना है। जनता साफ समझ गई है कि यह सब सिर्फ अपनी नाकामियों, कमियों और कमजोरियों को छिपाने के लिए किया जा रहा है। वे राज्य में हिंदू-मुस्लिम बंटवारा करना चाहते हैं। अब चुनाव नजदीक आ रहे हैं, तो वे लोगों को भड़काने और तनाव पैदा करने का काम कर रहे हैं। हालांकि, राज्य के मुसलमान और आम जनता समझ गई है कि यह सिर्फ राजनीतिक फायदे और सरकार बनाने के लिए लोगों को आपस में लड़ाने की एक चाल है।"
अजय राय ने कहा, "यह बहुत पुरानी मस्जिद रही है। कलेक्ट्रेट बनने से पहले ही यह मस्जिद वहां मौजूद थी। कलेक्ट्रेट का निर्माण उसके बाद हुआ था। इसलिए, मुझे लगता है कि सरकार ने यह सब सुनियोजित तरीके से किया है।"
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराने पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बताया, "कोर्ट ने अगली तारीख 25 सितंबर तय की है। मुझे यकीन है कि माननीय अदालत जरूर न्याय करेगी।"
अजय राय ने कहा, "सबूत कहां है? दिखाइए न? सबूत दिखाइए! इसीलिए तो हम कोर्ट गए हैं। मैंने बस इतना कहा कि 'सबूत दिखाइए।' जब उन्होंने मुझे सबूत नहीं दिया, तो मैं कोर्ट गया। मैंने कोर्ट में मानहानि का केस किया है। जाइए और वहां सबूत पेश कीजिए। मेरे पास जो भी रिकॉर्ड थे, मैंने कोर्ट में जमा कर दिए। मैंने उन्हें वीडियो, पेन ड्राइव और सारे रिकॉर्ड दिए। अगर उनके पास मेरे बारे में कोई रिकॉर्ड है, तो वे उन्हें कोर्ट में पेश करें।"
--आईएएनएस
एएसएच/एबीएम