उत्तर प्रदेश की तरह अब पश्चिम बंगाल में अपराधियों-गुंडों के खिलाफ चलेगा बुलडोजरः निसिथ प्रमाणिक
कोलकाता, 6 मई (आईएएनएस)। भाजपा नेता निसिथ प्रमाणिक और सांसद खागेन मुर्मू ने घुसपैठ और टीएमसी नेतृत्व पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। साथ ही चुनाव के बाद हुई हिंसा और ममता बनर्जी के इस्तीफे से इनकार पर भी बात की।
घुसपैठियों और बॉर्डर पर फेंसिंग लगाने की बात पर निसिथ प्रमाणिक ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "गृहमंत्री अमित शाह के वादे के अनुसार हम सबसे पहले बॉर्डर पर शत-प्रतिशत फेंसिंग करेंगे, इसके साथ ही 15 साल से चल रहे घुसपैठ को रोकेंगे।"
निसिथ प्रमाणिक ने कहा कि जैसे हम लोगों ने पहले कहा था कि चुनाव परिणाम के बाद टीएमसी के नेता भाग जाएंगे, वैसे ही हुआ। उन्होंने कहा, "चुनाव के दौरान मंच से बड़े-बड़े भाषण देने वाले टीएमसी के नेता हारने के बाद गायब हो गए हैं। पिछले 15 साल में पश्चिम बंगाल के लोगों के आत्मसम्मान को ठेस पहुंची है, भाजपा उसे वापस दिलाएगी।"
निसिथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की तरह अब पश्चिम बंगाल में बुलडोजर कार्रवाई होगी। अब बंगाल में जो भी अन्याय या गुंडागर्दी करेगा, उसका वैसा ही हाल होगा, जैसा कि उत्तर प्रदेश सहित भाजपा शासित राज्यों में हो रहा है। कोई भी असंवैधानिक काम करेगा तो उस पर कठोर कार्रवाई होगी। भाजपा के कार्यकाल में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सबसे पहले काम किया जाएगा। इसके साथ उद्योग को बढ़ावा देने के लिए भी योजनाएं तैयार हैं, जो सरकार के गठन के बाद लागू किए जाएंगे।
सांसद खागेन मुर्मू ने कहा, "पश्चिम बंगाल की जनता ने भाजपा पर भरोसा किया है। पहले यहां भय था, लेकिन भाजपा के जीतते ही खत्म हो गया। जनता ने ममता दीदी को हरा दिया, फिर भी वह कुर्सी नहीं छोड़ रही हैं। ऐसा लगता है कि ममता दीदी का दिमाग खराब हो गया है। भाजपा किसी का वोट नहीं चुराती, चुनाव खत्म हो चुके हैं, इसलिए उन्हें अब इस्तीफा दे देना चाहिए। अब पद पर बने रहने का क्या मतलब है?"
सांसद ने कहा, "भाजपा शासित राज्यों में विकास तेजी से हो रहा है। इसी तरह बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद उत्तर बंगाल सहित पूरे राज्य का विकास होगा।
--आईएएनएस
ओपी/एबीएम