उत्तर प्रदेश के 2.24 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में आएगी ‘सम्मान निधि’
लखनऊ, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। मोदी-योगी सरकार अन्नदाता किसान की समृद्धि के लिए निरंतर कदम बढ़ा रही है। डबल इंजन सरकार खेत से लेकर किसानों के सम्मान तक कार्य कर रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के बनासकांठा से किसानों के खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त भेजेंगे।
पीएम के एक क्लिक करते ही देश के 9.34 करोड़ किसानों के बैंक खाते में 18,680 से अधिक की राशि का हस्तांतरण होगा। वहीं, उत्तर प्रदेश के 2.24 करोड़ से अधिक किसान लाभान्वित होंगे। इनके खाते में डीबीटी के माध्यम से सीधे 4482.19 करोड़ रुपए भेजे जाएंगे। यूपी के किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि के (23वीं किस्त तक) 1,03,461.76 करोड़ रुपए भेजे जा चुके हैं।
शुक्रवार को जारी होने वाली पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त से उत्तर प्रदेश के 2.24 करोड़ किसान लाभान्वित होंगे। इन किसानों के खाते में 4482.19 करोड़ की धनराशि आएगी। योजना की धनराशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थी के खाते में हस्तांतरित की जाती है। इसमें पात्र किसान परिवार के एक सदस्य को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता वर्ष में तीन किस्त में प्रदान किए जाने की व्यवस्था है।
इसके पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जून 2026 में पश्चिम बंगाल से सम्मान निधि का लाभ किसानों को दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी में 24 फरवरी 2019 को गोरखपुर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत की थी। शुक्रवार को 4482.19 करोड़ जारी होने के बाद यह राशि 107,943.95 करोड़ रुपए हो जाएगी।
--आईएएनएस
डीकेपी/