×

यूपीएससी ईएसई भर्ती: 480 पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन शुरू, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया

 

नई दिल्ली, 18 सितंबर (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी की तैयारी करने के साथ-साथ रिक्तियों के जारी होने का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा, 2027 के तहत विभिन्न श्रेणी के अनुसार कुल 480 पदों पर पात्र और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।

यूपीएससी की ओर से जारी 480 रिक्तियों में सिविल इंजीनियरिंग (श्रेणी - I), मैकेनिकल इंजीनियरिंग (श्रेणी - II), इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (श्रेणी - III) और इलेक्ट्रॉनिक्स और टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (श्रेणी - IV) के पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 16 सितंबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर की शाम 6 बजे तक तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पद से संबंधित विषय के अनुसार इंजीनियरिंग में डिग्री/डिप्लोमा होना चाहिए। वहीं, आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित (प्रारंभिक) परीक्षा, लिखित (मुख्य) परीक्षा, व्यक्तित्व परीक्षण/साक्षात्कार, मेडिकल जांच और शारीरिक मानक के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट की सैलरी आयोग के वेतनमान नियमों के अनुसार होगी। वहीं, प्रारंभिक परीक्षा 31 जनवरी 2027 और मुख्य परीक्षा 18 जून 2027 को आयोजित होने की संभावना है।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 200 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी और महिलाओं को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

अभ्यर्थियों को भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया, आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित पदों के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।

--आईएएनएस

डीके/पीएम