×

यूपीआई चार्ज का किसी भी ग्राहक पर कोई असर नहीं पड़ेगा: प्रदीप भंडारी

 

नई दिल्ली, 15 सितंबर (आईएएनएस)। यूपीआई चार्ज को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी के आरोपों पर भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने पलटवार किया। भंडारी ने कहा कि यूपीआई को लेकर कांग्रेस गलत जानकारी फैला रही है। किसी भी ग्राहक को अतिरिक्त चार्ज नहीं देना होगा। यूपीआई के जरिए होने वाले 90 फीसदी से अधिक लेनदेन 2 हजार रुपए से कम के होते हैं और प्रस्तावित व्यवस्था का असर आम ग्राहक पर नहीं पड़ेगा।

राहुल गांधी के एक्स पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस को 'झूठ की दुकान चलाने वाली' पार्टी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल यूपीआई को लेकर लोगों के बीच भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में डिजिटल पेमेंट और वित्तीय लेनदेन के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। यूपीआई आज आम नागरिक के रोजमर्रा के भुगतान का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है और भारत की डिजिटल पेमेंट व्यवस्था की वैश्विक स्तर पर पहचान बनी है।

उन्होंने दावा किया कि जब केंद्र सरकार ने यूपीआई और डिजिटल वित्तीय क्रांति को आगे बढ़ाने की दिशा में कदम उठाए थे, तब कांग्रेस ने इसका विरोध किया था। भंडारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐतिहासिक रूप से मोदी सरकार की डिजिटल वित्तीय पहलों की विरोधी रही है और अब यूपीआई की सफलता को लेकर सवाल उठा रही है।

यूपीआई पर टैक्स या अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने के कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आम ग्राहक को किसी भी तरह का अतिरिक्त भुगतान नहीं करना होगा। उन्होंने कहा कि 90 फीसदी से ज्यादा यूपीआई लेनदेन 2 हजार रुपए से कम के होते हैं और बाकी लेनदेन में भी ग्राहक से कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं लिया जाएगा। भंडारी ने कहा कि यूपीआई की व्यवस्था को लेकर कांग्रेस द्वारा जिस तरह की तस्वीर पेश की जा रही है, वह वास्तविक स्थिति से अलग है। देश की जनता यूपीआई का इस्तेमाल करती रही है और आगे भी करती रहेगी।

राहुल गांधी पर व्यक्तिगत राजनीतिक हमला करते हुए प्रदीप भंडारी ने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। राहुल गांधी की राजनीति में हर दिन किसी न किसी मुद्दे को लेकर आरोप लगाने और उसे सोशल मीडिया के माध्यम से फैलाने की कोशिश की जाती है। उन्होंने राजस्थान के हालिया चुनावी परिणामों का हवाला देते हुए कहा कि जनता ने 'झूठ की गूंज' के बजाय 'सच की हुंकार' को समर्थन दिया है। इसी तरह यूपीआई के मुद्दे पर भी कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को जनता स्वीकार नहीं करेगी।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ रही है और यूपीआई की सफलता दुनिया में भारत की डिजिटल क्षमता का उदाहरण बनी है। कांग्रेस को इस सफलता से परेशानी है और इसी वजह से वह यूपीआई को लेकर गलत सूचनाएं फैला रही है। डिजिटल पेमेंट के क्षेत्र में भारत ने जो उपलब्धि हासिल की है, वह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हुए बदलाव का परिणाम है। विपक्षी दल यूपीआई की सफलता को स्वीकार करने के बजाय उस पर सवाल खड़े कर रहा है।

--आईएएनएस

पीएसके