यूपीईएसएससी स्पेशल टीईटी 2026: प्राइमरी और अपर प्राइमरी शिक्षकों के 2,500 पदों पर भर्ती शुरू, 4 अक्टूबर अंतिम तिथि
लखनऊ, 8 सितंबर (आईएएनएस)। शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी), प्रयागराज ने विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (स्पेशल टीईटी) 2026 के तहत यूपी के योग्य स्कूलों में प्राइमरी और अपर प्राइमरी स्तर के शिक्षकों एवं सीडब्लूएसएन स्पेशल शिक्षकों के लगभग 2,500 पदों पर भर्ती के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।
यूपीईएसएससी की ओर से जारी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 5 सितंबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 4 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे यूपीईएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं। वहीं, ऑनलाइन आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर तक तय की गई है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों में प्राइमरी-लेवल के स्कूलों में काम करने वाले सभी शिक्षक प्राइमरी-लेवल स्पेशल टीईटी के लिए योग्य हैं और अपर प्राइमरी/जूनियर हाई स्कूल-लेवल के स्कूलों में काम करने वाले सभी शिक्षक अपर प्राइमरी-लेवल स्पेशल टीईटी के लिए योग्य हैं।
स्पेशल एजुकेटर्स, प्राइमरी लेवल (क्लास 1 से 5), सीडब्लूएसएन के लिए प्राइमरी लेवल के स्कूलों में कॉन्ट्रैक्ट/डिलीवरेबल्स के आधार पर काम करने वाले स्पेशल टीचर्स (सीडब्लूएसएन) तब योग्य माने जाएंगे, जब उन्होंने ग्रेजुएशन के साथ-साथ आरसीआई (रिहैबिलिटेशन काउंसिल ऑफ इंडिया) से मान्यता प्राप्त डीएड स्पेशल एजुकेशन या उसके बराबर की परीक्षा पास की हो और उनके पास एक्टिव सीआरआर नंबर वाला आरसीआई रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट होना जरूरी हो।
स्पेशल एजुकेटर्स, अपर प्राइमरी लेवल (क्लास 6 से 8), सीडब्लूएसएन के लिए अपर प्राइमरी लेवल के स्कूलों में कॉन्ट्रैक्ट/डिलीवरेबल्स के आधार पर काम करने वाले स्पेशल टीचर्स (सीडब्लूएसएन) तब योग्य माने जाएंगे, जब उन्होंने ग्रेजुएशन के साथ-साथ आरसीआई से मान्यता प्राप्त बीएड स्पेशल एजुकेशन या उसके बराबर की परीक्षा पास की हो और उनके पास एक्टिव सीआरआर नंबर वाला आरसीआई रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट होना जरूरी हो।
आवेदकों की अधिकतम आयु 60 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 3 नवंबर 2016 के आधार पर की जाएगी। योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, लिखित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा। वहीं, लिखित परीक्षा 3 नवंबर 2026 को आयोजित होने की संभावना है।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/अन्य पिछड़ा वर्ग/आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 1,000 रुपए, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के लिए 500 रुपए और दिव्यांगजन (पीडब्ल्यूबीडी) के लिए 300 रुपए तय किया गया है।
कैंडिडेट्स को भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया, आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यूपीईएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम