×

UP Weather: उत्तर प्रदेश में मानसून का कहर जारी, 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; नदियां उफान पर
 

 

उत्तर प्रदेश में मानसून की बारिश का सिलसिला लगातार जारी है. प्रदेश के कई हिस्सों में हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है. वहीं, लगातार बारिश के चलते कई नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है और तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. मौसम विभाग ने 3 सितंबर को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का अनुमान जताया है. कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है.

नदियों का बढ़ा जलस्तर, कई इलाकों में जलभराव

बारिश के कारण प्रदेश की कई प्रमुख नदियां उफान पर हैं. मीरजापुर, प्रयागराज, सोनभद्र और चित्रकूट समेत आसपास के निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति बनी हुई है. गंगा, यमुना और मंदाकिनी समेत कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है. ऐसे में नदी किनारे रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं.

3 सितंबर को कैसा रहेगा यूपी का मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बन रहे मजबूत मानसूनी सिस्टम का असर उत्तर प्रदेश में दिखाई दे रहा है. 3 सितंबर को बुंदेलखंड और पश्चिमी यूपी में बारिश का प्रभाव ज्यादा रहने की संभावना है. वहीं, पूर्वांचल के कई जिलों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है.

प्रदेश में 5 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. इसके बाद 6 सितंबर से पूर्वांचल के इलाकों में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो सकता है.

ललितपुर में ऑरेंज अलर्ट, इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने आगरा, इटावा, औरैया, कानपुर, जालौन, हमीरपुर, झांसी, महोबा, बांदा और चित्रकूट समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.

ललितपुर में गरज-चमक के साथ बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा मथुरा, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में भी कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है.

इन जिलों में भी बारिश और वज्रपात का अनुमान

अलीगढ़, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव और फतेहपुर में कई जगहों पर बारिश के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है.

राजधानी लखनऊ के अलावा रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, कौशांबी, प्रयागराज, हरदोई, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, बदायूं, रामपुर, मुरादाबाद, संभल, अमरोहा, बिजनौर, मेरठ, हापुड़, नोएडा, गाजियाबाद, बागपत और बुलंदशहर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

पूर्वांचल के इन इलाकों में बूंदाबांदी के आसार

शामली, मुजफ्फरनगर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बाराबंकी, गोंडा, बलरामपुर, अयोध्या, सुल्तानपुर, बस्ती, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, मीरजापुर और सोनभद्र में एक-दो स्थानों पर बूंदाबांदी होने की संभावना है.

लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. खासकर नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचना सुरक्षित रहेगा.