यूपी विधानसभा सत्र से पहले शालीन कार्यवाही पर जोर, अध्यक्ष ने सभी दलों से मांगा सहयोग
लखनऊ, 8 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र से पहले शालीन और मर्यादित कार्यवाही पर जोर देते हुए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सभी दलीय नेताओं से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि संवाद, चर्चा और स्वस्थ बहस संसदीय लोकतंत्र की आधारशिला हैं और विधानसभा शोर-शराबे का नहीं बल्कि विचार-विमर्श का मंच है।
विधान भवन में आयोजित सर्वदलीय बैठक को संबोधित करते हुए महाना ने कहा कि सहमति और असहमति लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन हंगामे की स्थिति में न तो सरकार अपनी बात रख पाती है और न ही विपक्ष का पक्ष प्रभावी ढंग से सामने आ पाता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सदन में प्रत्येक सदस्य को अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर कार्यवाही देर शाम तक भी संचालित की जाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा देश की सबसे बड़ी विधानसभा है और इसकी कार्यवाही पूरे देश के विधानमंडलों के लिए एक मानक प्रस्तुत करती है। उन्होंने कहा कि बीते चार वर्षों में इस विधानसभा में सर्वाधिक चर्चा हुई है, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के सुदृढ़ होने का संकेत है। महाना ने सभी दलों के नेताओं से अपेक्षा की कि वे संसदीय मर्यादा और शालीनता के दायरे में रहकर अपने-अपने पक्ष को सदन में रखें और सौहार्दपूर्ण वातावरण में बहस करें।
उन्होंने विश्वास जताया कि जिस प्रकार पूर्व सत्रों में सभी का सहयोग मिला है, उसी तरह आगामी सत्र में भी सकारात्मक सहयोग प्राप्त होगा। सर्वदलीय बैठक में उपस्थित नेताओं ने विधानसभा अध्यक्ष की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में सदन की कार्यवाही में लगातार सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं और भविष्य में भी नए प्रयोगों के माध्यम से विधानसभा की कार्यप्रणाली और अधिक सुदृढ़ होगी।
बैठक में नेता सदन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वहीं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सभी दलीय नेताओं को आश्वस्त किया कि सरकार विकास को नई गति देने और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मुख्यमंत्री की भावना के अनुरूप सदन में शांतिपूर्ण सहयोग की अपील की। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय, अपना दल (सोनेलाल) के नेता राम निवास वर्मा, राष्ट्रीय लोकदल के नेता राजपाल बालियान, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता ओमप्रकाश राजभर, निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल के नेता रमेश सिंह, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ तथा जनसत्ता लोकतांत्रिक दल की ओर से विनोद सरोज ने अपने विचार रखे और सदन की कार्यवाही को सुव्यवस्थित ढंग से चलाने में सहयोग का आश्वासन दिया। इससे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक भी आयोजित हुई, जिसमें आगामी सत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
--आईएएनएस
विकेटी/डीएससी