☰
×

यूपी : भाजपा कोर कमेटी की बैठक 28 सितंबर को, राज्यसभा की 8 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम पर होगा मंथन

 

लखनऊ, 28 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। यूपी भाजपा की कोर कमेटी की बैठक सोमवार को प्रस्तावित है, जिसमें राज्यसभा की 8 सीटों के लिए संभावित उम्मीदवारों के नाम पर मंथन किया जाएगा। बैठक के बाद दावेदारों का पैनल तैयार कर अंतिम फैसले के लिए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा।

प्रस्तावित बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह समेत प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।

कोर कमेटी की बैठक का मुख्य एजेंडा राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का चयन होगा। प्रदेश नेतृत्व राज्यसभा की 8 सीटों के लिए अलग-अलग संभावित दावेदारों के नाम पर चर्चा करेगा। सूत्रों के मुताबिक, प्रत्येक सीट के लिए तीन नामों का पैनल तैयार करने की योजना है।

इस तरह प्रदेश स्तर पर संभावित नामों पर चर्चा के बाद पैनल भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा। उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर केंद्रीय नेतृत्व लगाएगा।

बैठक में संगठनात्मक समीकरणों के साथ संभावित दावेदारों के नाम पर विस्तार से विचार किए जाने की संभावना है। ऐसे में राज्यसभा के लिए भाजपा किन चेहरों को मैदान में उतारती है, इसे लेकर राजनीतिक हलकों की निगाहें कोर कमेटी की बैठक और उसके बाद केंद्रीय नेतृत्व के फैसले पर टिकी रहेंगी।

चुनाव आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट पर द्विवार्षिक चुनाव होना है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल की एक खाली राज्यसभा सीट के लिए उपचुनाव कराया जाएगा। सभी सीटों के लिए मतदान 16 अक्टूबर को निर्धारित है।

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुल 11 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल नवंबर 2026 में पूरा हो रहा है। इसी वजह से इन सीटों के लिए चुनाव कराया जा रहा है।

राज्यसभा चुनाव के लिए अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।

मतदान 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। जरूरत पड़ने पर उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। चुनाव की पूरी प्रक्रिया 19 अक्टूबर तक पूरी की जानी है।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी